जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में डीएलआरसी बैठक आयोजित, बैंकिंग एवं विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

ram

डीग। जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में बुधवार को पंचायत समिति सभागार, डीग में जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति, वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर ने विभिन्न बैंकिंग एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए। साथ ही बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा वित्तीय समावेशन को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण, डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।आरबीआई के एजीएम मंदीप सिंह वालिया ने बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा एवं वित्तीय जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं नाबार्ड के डीडीएम शिवम अग्रवाल ने ग्रामीण विकास एवं कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक हिमांशु मंगलमूर्ति ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए जिले में बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु समन्वित प्रयासों पर बल दिया।

इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक मंदीप सिंह वालिया, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक शिवम अग्रवाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र दिलखुश मीणा, अग्रणी जिला प्रबंधक डीग हिमांशु मंगलमूर्ति, जिले के सभी बैंकों के जिला समन्वयक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं सरपंचगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *