जयपुर। डिवाइन गेमिंग ने बीएमपीएस 2026 ग्रैंड फिनाले के पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया है। जयपुर एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित कुल छह मैचों में 85 पॉइंट के साथ पहले दिन टीम पहले स्थान पर रही। इसमें अपने गृह राज्य राजस्थान में अपने लोगों के बीच खेलते हुए खिलाड़ी ‘स्लग’ सोनिग्रा रघुराज सिंह शानदार परफॉर्मर रहे। टीम ने दो चिकन डाइनर्स जीते और 54 फिनिश पॉइंट एवं 31 प्लेसमेंट पॉइंट के साथ कुल 85 पॉइंट हासिल किए। डिवाइन गेमिंग दूसरे स्थान पर रही नेबुला ईस्पोर्ट्स से पूरे 32 पॉइंट आगे रही।जहां एक तरफ डिवाइन गेमिंग के दबदबे की चर्चा रही, तो दूसरी ओर टेबल में नीचे रही टीमों का प्रदर्शन भी निराशाजनक तरीके से चौंकाने वाला रहा। क्वालिफायर्स में ग्रुप ए में सबसे ऊपर जगह बनाने वाली और जयपुर में इस टूर्नामेंट की पसंदीदा टीमों में से एक के रूप में हिस्सा लेने आई गॉडलाइक ईस्पोर्ट्स ने पहले दिन सिर्फ 20 पॉइंट हासिल किए और आखिरी स्थान पर रही। छह मैचों में टीम ने 0 चिकन डाइनर, 19 फिनिश पॉइंट और एक सिंगल प्लेसमेंट पॉइंट हासिल किया। बीजीआईएस 2026 की विजेता और प्री-टूर्नामेंट फेवरेट में से एक रही आईक्यू सोल ने थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करते हुए 25 अंकों के साथ 12वां स्थान हासिल किया। अभी 12 मैच बाकी हैं और गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है। अभी दोनों ही बड़ी टीमें अंकतालिका में सबसे नीचे दिख रही हैं।53 पॉइंट के साथ नेबुला ईस्पोर्ट्स दूसरे स्थान पर रही। टीम ने एक चिकन डाइनर हासिल किया। वहीं 52 पॉइंट के साथ जेनेसिस ईस्पोर्ट्स तीसरे स्थान पर रही। आईक्यू रेवनेंट एक्सस्पार्क दूसरी ऐसी टीम रही, जिसने दो चिकन डाइनर हासिल किए, लेकिन 20 फिनिश पॉइंट के कम स्कोर के साथ कुल 47 पॉइंट लेकर टीम चौथे स्थान पर रही। यह दिखाता है कि प्लेसमेंट पॉइंट भी बीजीएमआई स्कोरिंग सिस्टम में बहुत महत्वपूर्ण हैं। आईक्यू 8बिट और आईक्यू रेकनिंग ईस्पोर्ट्स भी क्रमश: 40 और 39 पॉइंट के साथ पांचवें और छठे स्थान पर रहीं। दोनों ने ही पहले दिन कोई चिकन डाइनर नहीं हासिल किया।टूर्नामेंट का पहला दिन स्कोर के साथ-साथ इस शहर से जुड़ी कहानियों से भी भरा रहा। बीएमपीएस 2026 राजस्थान के लिए पहली बड़ी राष्ट्रीय ईस्पोर्ट्स एलएएन चैंपियनशिप है। राजस्थान भारत में तेजी से बढ़ते यूथ गेमिंग कम्युनिटी वाले राज्यों में से है और इसीलिए इस टूर्नामेंट के लिए यह क्राफ्टन की पहली पसंद रहा। पहली बार घरेलू एलएएन पर इतने बड़े पैमाने पर खेल रहे राजस्थान के खिलाड़ी स्लग के लिए पहला दिन यादगार रहा। उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे स्कोर टेबल से परे जाकर भी याद रखा जाएगा। सभी छह मैचों के दौरान सीतापुरा का जेईसीसी का प्रांगण भरा रहा। भारत के इस नए ईस्पोर्ट्स हॉटस्पॉट में प्रशंसक हर एलिमिनेशन और रोटेशन पर ध्यान लगाए रहे।

बीएमपीएस 2026 ग्रैंड फिनाले के पहले दिन 85 पॉइंट के साथ डिवाइन गेमिंग ने कायम किया दबदबा
ram


