जयपुर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जिला कलक्टर श्री संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार प्रगति की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने नवीन परिवारों को एनएफएसए से लाभान्वित करने की योजना के तहत जिला रसद अधिकारी (शहरी एवं ग्रामीण) को निर्देश दिए कि योजना की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपखण्ड अधिकारियों एवं नगर निगम के उपायुक्तों के साथ साझा करते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग कर जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक को ऐसे ई-मित्रों की जाँच करने के निर्देश दिए हैं जहाँ अधिक मात्रा में आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति न होने के कारण आवेदनकर्त्ताओं के खातों में लम्बित हैं। मुख्य अयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि बैठक में ऊर्जा विभाग की कुसुम योजना एवं संशोधित वितरण क्षेत्र योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने तथा अंतर्विभागीय समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। महिला अधिकारिता विभाग की लाडो प्रोत्साहन योजना की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में जिले की रैंकिंग सुधारने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने क्षेत्रीय उपनिदेशक, स्वायत्त शासन विभाग को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने तथा नगरीय निकायों से संबंधित योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन हरियालो राजस्थान में लक्ष्य के अनुरूप कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कम रैंकिंग वाले विभागों को 15 दिवस में अपेक्षित प्रगति लाकर रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा, उप वनसंरक्षक वी. केतन कुमार अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मुकेश कुमार मूंड सहित संबंधित अधिकारियों उपस्थित रहें।

जिला कलक्टर ने की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 15 दिन में अधिकारियों को योजनाओं में प्रगति लाने के दिए निर्देश
ram


