जिला कलक्टर ने किया शहरी एवं ग्रामीण शिविर का निरीक्षण

ram

चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए शहरी एवं ग्रामीण विकास शिविरों के तहत शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 4 तक आयोजित शहरी शिविर एवं चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की एराल ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण शिविर का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं आमजन को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कार्य संवेदनशीलता एवं सेवा भाव से किया जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा शिविर इसी भावना के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कलक्टर ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया तथा बच्चों को आहार खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान जिला कलक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण शिविर में पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया। पट्टे प्राप्त करने वाले लोगों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी बीनू देवल, युआईटी सचिव कैलाश चन्द्र गुर्जर, तहसीलदार विपिन चैधरी, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *