डीडवाना। शहर में शिवालयों में श्रद्धा भक्ति की लहर उमड़ रही है। सुबह तड़के से ही शिवभक्तों की भीड़ मंदिरों में उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, पंचामृत स्नान व पूजन-अर्चना कर भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिरों में “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।पंडित नितेश पुरोहित ने बताया कि सावन मास भगवान शिव को अति प्रिय है। इस पावन माह में शिव-पार्वती की आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है। श्रद्धालु शिवलिंग पर बेलपत्र, कमल पुष्प, धतूरा, भांग अर्पित कर विविध विधियों से पूजा करते हैं। विशेष रूप से सावन में व्रत रखने और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।उन्होंने यह भी बताया कि श्रद्धालु इस मास में कावड़ यात्रा कर पवित्र नदियों से जल लाकर शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। महिलाएं भी पूरे माह श्रद्धा से व्रत रखकर पूजन करती हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।रघुनाथ मंदिर, दोजराज गणेश मंदिर परिसर, काली माता परिसर शिव मंदिर, शिवमहादेव मंदिर, महादेव मंदिर आदि में विशेष सजावट की गई। फूल-मालाओं, रंगीन रोशनी और पारंपरिक सजावट से मंदिरों का वातावरण अलौकिक दिखाई दिया।सावन माह में शहर की गलियों से लेकर मंदिर परिसर तक शिवभक्ति का उत्साह चरम पर रहा। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज, शंखनाद और मंत्रोच्चारण ने श्रद्धा की अनुभूति को और गहरा किया। श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ भोलेनाथ से अपने जीवन में मंगल की कामना की है।

डीडवाना : सावन में शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, शिवभक्ति में लीन दिखे श्रद्धालु, पूजन-अर्चना अभिषेक से गूंजे मंदिर
ram


