उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया रामजस हॉस्पिटल का उद्घाटन, परकोटा क्षेत्र को मिला 100 बेड का आधुनिक अस्पताल

ram

जयपुर। जयपुर परकोटा और ब्रह्मपुरी क्षेत्र के निवासियों को अब अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को गोविंद नगर वेस्ट स्थित संतोष सागर कॉलोनी में स्थापित रामजस हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया। 100 बेड क्षमता वाला यह मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल हेरिटेज वॉल सिटी क्षेत्र का जेडीए स्वीकृत प्रमुख निजी अस्पताल है, जो करीब नौ लाख आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इस उद्घाटन समारोह में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले परकोटा और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक अस्पताल की स्थापना से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेगी और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं विधायक बालमुकुन्द आचार्य ने कहा कि रामजस हॉस्पिटल लंबे समय से क्षेत्र में विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है। अब 100 बेड के आधुनिक स्वरूप में यह अस्पताल स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा। वहीं अस्पताल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. रतन विश्नोई ने बताया कि अस्पताल को एनएबीएच के छठे संस्करण की गाइडलाइन के अनुरूप विकसित किया गया है। अस्पताल में कैशलेस इंश्योरेंस (टीपीए) सुविधा भी उपलब्ध है। करीब 1400 वर्गगज क्षेत्र में बने चार मंजिला भवन में अलग पेशेंट लिफ्ट, सेंट्रलाइज्ड ऑक्सीजन मैनिफोल्ड, वैक्यूम एवं एयर सिस्टम, एसटीपी प्लांट तथा सरकारी मानकों के अनुरूप फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। विश्नोई ने बताया कि इस अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, जनरल मेडिसिन, एंडोक्रिनोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, नियोनेटोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी, नॉन-इनवेसिव कार्डियोलॉजी, न्यूरो फिजिशियन, न्यूरो एवं स्पाइन सर्जरी, ईएनटी, डेंटल, नेत्र रोग, त्वचा रोग, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, एनेस्थीसिया तथा फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सहित 19 से अधिक चिकित्सा विभाग संचालित होंगे। अस्पताल में 5 बेड का अत्याधुनिक ट्राइएज और समर्पित इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है। गंभीर मरीजों के लिए 22 बेड का आईसीयू एवं एचडीयू, दो मैक्वेट सर्वो प्लस वेंटिलेटर तथा नवजात शिशुओं के लिए चार बेड का एनआईसीयू स्थापित किया गया है। संक्रमण-मुक्त वातावरण में जटिल सर्जरी के लिए तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर तैयार किए गए हैं। अस्पताल में स्ट्राइकर 1588 लैप्रोस्कोप सिस्टम, एलेन्जर्स एचएफ-30 सी-आर्म मशीन, जीई वर्साना-5 अल्ट्रासाउंड मशीन, आधुनिक एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन तथा हाई-एंड पैथोलॉजी लैब जैसी उन्नत चिकित्सा मशीनें भी लगाई गई हैं। अस्पताल में एयर-कूल्ड जनरल वार्ड, सेमी डीलक्स और डीलक्स कक्षों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा टीईएनएस, एसडब्ल्यूडी और आईएफटी मशीनों से सुसज्जित आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट भी शुरू की गई है। विश्नोई ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, ईसीजी और ब्लड शुगर जांच की सुविधा दी गई। साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर रक्तदान किया। समारोह के अंत में डॉ. रतन विश्नोई ने उपमुख्यमंत्री, विधायक, अतिथियों, रक्तदाताओं और अस्पताल की मेडिकल एवं नर्सिंग टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल नैतिक चिकित्सा पद्धतियों, किफायती उपचार और मरीजों की संतुष्टि के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *