बीकानेर। नोखा थाना इलाके के अणखीसर में जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया,जिसे रविवार रात पीबीएम होस्पीटल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सरेआम हुई हमलेबाजी की इस घटना को लेकर अणखीसर निवासी महावीरदास पुत्र टीकूराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे उसका भाई सुरजनदास बाइक पर और वह स्वयं और उसकी भतीजी सरस्वती स्कूटी पर गांव से खेत जा रहे थे। जैसे ही वे रामदेव मंदिर के पास पहुंचे, तो पीछे से पिकअप लेकर आये भजन गिरी पुत्र ओम गिरी ने उसके भाई को जान से मारने की नीयत से पिकअप से टक्कर मारी। उसका भाई नीचे गिर गया।इतने में पिकअप में से भजनगिरी, श्रवणगिरी, मनोजगिरी, आसगिरी, महावीर गिरी, महेंद्रगिरी, मालगिरी, अमरगिरी आदि हाथों में लोहे के सरिए और लाठियां लेकर आए और उसके भाई को घेर लिया। आरोपियों ने कहा कि तेरे भतीजे प्रकाशगिरी और तूने कुर्कशुदा भूखंड पर सफाई कर हमारे द्वारा जागरण और समारोह किए जाने की शिकायत की। आरोपियों ने सुरजनदास के साथ हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। शोरगुल मचाने पर आरोपी भाग गए। बाद में घायल सुरजनदास को इलाज के लिए नोखा जिला अस्पताल लेकर आए जहां उसे पीबीएम होस्पीटल रैफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनो पक्षों के बीच पिछले काफी दिनों से जमीन के विवाद को लेकर टकराहट चल रही है,इसी के चलते हमलेबाजी की यह वारदात सामने आई है। सीआई नोखा आलोक सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्त में लेने के लिये पुलिस की टीम लगातार उनके ठिकानों पर छापामारी कर रही है।
जमीन के विवाद को लेकर युवक पर जानलेवा हमला
ram


