जयपुर की 19 निकायों में 2,644 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, 714 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए

ram

जयपुर। जयपुर जिले की 19 नगरीय निकाय (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका) चुनाव में नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 2,644 प्रत्याशी चुनावी रण में बचे हैं। इन 2,644 प्रत्याशियों के बीच 9 और 11 सितंबर को मुकाबला होगा। वहीं 3 प्रत्याशी ऐसे भी रहे, जिनको बिना चुनाव लड़े ही जीत हासिल हो गई। वे निर्विरोध चुनाव जीत गए। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक बताया- जिले की सभी 19 निकायों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3,365 उम्मीदवार मैदान में बचे थे। दो दिन चली नामांकन वापसी की प्रक्रिया में कुल 714 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। वहीं 3 प्रत्याशी ऐसे रहे, जिनके सामने एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं रहा। वे निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
इस तरह अब 19 निकायों में 2,644 प्रत्याशी मैदान में रह गए, जिनके बीच 9 और 11 सितंबर को मुकाबला होगा।

इनकी हुई निर्विरोध जीत
नगर पालिका नरैना में वार्ड नं. 8 में कांग्रेस प्रत्याशी हीना बानू की निर्विरोध जीत दर्ज हुई। उनके सामने भाजपा ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। इसी तरह नगर पालिका चाकसू में वार्ड 11 से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक श्याम और मनोहपुर नगर पालिका के वार्ड 15 से कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन मोहनपुरिया निर्विरोध जीते।

चुनाव प्रचार के लिए अब एक सप्ताह का समय
चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के पास अब चुनाव प्रचार के लिए केवल 7 दिन का समय बचा है। पहले चरण की वोटिंग एक सप्ताह यानी 7 दिन ​बाद होगी। 9 सितंबर को होने वाली पहले चरण की वोटिंग में 164 निकायों में वोटिंग होगी। जबकि 11 सितंबर को दूसरे चरण की वोटिंग में 145 निकायों में वोट डाले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *