कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत: टीकाराम जूली

ram

अलवर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर चलेंगे तो निश्चित तौर पर कांग्रेस का राज आएगा। जूली रविवार को अंबेडकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा एजेंडा अनुशासन और संगठन की मजबूती पर होना चाहिए। जूली बोले कोई भी विभाग, प्रकोष्ठ, अग्रिम संगठन छोटा या बड़ा नहीं है हम सब कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं, जूली के इस वक्तव्य से कार्यकर्ताओं में जहां एक नई ऊर्जा का संचार हुआ वहीं पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले ग्राम पंचायत कमेटी बनाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए फिर ब्लॉक स्तर पर बैठक, जिला स्तर पर ट्रेनिंग कार्यक्रम तथा प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ताओं को पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के सानिध्य में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जूली ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पद सिर्फ एक पहचान है इसकी लालसा हमें नहीं रखनी है हमारा मूल मंत्र पार्टी को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता खुले मन से अपनी बात रखें पार्टी उस पर विचार कर रूपरेखा तैयार करेगी ताकि ईडी,सीबीआई जैसी सरकारी मशीनरी से लड़कर हम कांग्रेस का राज लेकर आएंगे। जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का राज आते ही सबसे पहले नाजायज मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच को साकार किया जाएगा, मंत्रिमंडल से पहले कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा है जो हर जाति, धर्म,संप्रदाय और वर्ग का ध्यान रखती है। जूली ने पानी, बिजली, पर्यावरण और प्रदूषण चौतरफा लिया सरकार को निशाने पर नेता प्रतिपक्ष जूली ने पानी, बिजली, पर्यावरण और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर सरकार को चारों तरफ से घेरते हुए निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पानी वाले मंत्री के गांव में पानी नहीं, बिजली मंत्री के गांव में बिजली नहीं, पर्यावरण मंत्री के गृह जिले में दुनिया का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर भिवाड़ी आता है जिसकी बानगी टहला क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर बता रहा है कि हम पर्यावरण नहीं बचा सकते पुलिसकर्मी की तो छोड़ो खुद मंत्री अपना दुखड़ा सुना रहे हैं, हद तो तब हो गई जब मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के गृह जिले में जेल से बदमाश धमकियां दे रहे है, जूली बोले राजस्थान सरकार या यूँ कहे दिल्ली के हुकुम पर चल रही सरकार के राज में पूरे कुएं में ही भांग घुली हुई है। मित्रों को आगे बढ़ाने का ऐसा जुनून प्रदेश को ही धकेल दिया पीछे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को अपने उद्योगपति मित्रों को आगे बढ़ाने का ऐसा जुनून चढ़ा है कि देश व प्रदेश को ही पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि धरोहरों को बेचे जाने के बाद अब यह लोग प्रकृति से भी खिलवाड़ करने से नहीं चूक रहे। अरावली पर्वतमाला का सौदा करने वाले भाजपाई बारा झालावाड़ के जंगल को खा गए,अब अंडमान निकोबार पर उनकी निगाहें है जिसकी लड़ाई हम सभी को संयुक्त रूप से मिलकर लड़नी है। बैठक में प्रदेश प्रभारी फूल सिंह ओला, सह प्रभारी माया सुवालका, विधायक मांगेलाल मीणा, आर्यन जुबेर, योगेश मिश्रा, अशोक सैनी, कमलेश सैनी, संजीव बारेठ,पुष्पेंद्र धाबाई, हरिशंकर रावत,अनिल जैन,चौथमल सैनी,ओमप्रकाश गोलियां, हिम्मत सिंह चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *