जयपुर। राज्य सरकार एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार जून माह को एन्टी मलेरिया माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जयपुर प्रथम जिले में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि मानसून पूर्व तैयारियों के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा निरंतर सोर्स रिडक्शन, एन्टीलार्वल गतिविधियां, एन्टी-अडल्ट उपाय, सर्वेक्षण, सैम्पलिंग तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं तथा जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले एवं ब्लॉक स्तर से गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन किया जा रहा है ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। आईईसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता बनाए रखने, घर एवं आसपास पानी एकत्र नहीं होने देने तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. शेखावत ने कहा कि मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदम मच्छरों को पनपने से रोकना है। इसके लिए घरों, कूलरों, टंकियों, गमलों एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करना आवश्यक है। आमजन के सहयोग से ही मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी का ठहराव न होने दें तथा बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

एन्टी मलेरिया माह के अंतर्गत जिले में एन्टीलार्वल एवं जागरूकता गतिविधियों का संचालन
ram


