जयपुर में आज से साफ-सफाई का काम ठप, 6 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी आरक्षण से भर्ती के विरोध में

ram

जयपुर. राजस्थान में सफाई कर्मचारियों के 13 हजार 184 पदों पर निकाली भर्ती आरक्षण से करने के विरोध में वाल्मिकी समाज ने आज काम बंद कर दिया। जयपुर नगर निगम ग्रेटर और हैरिटेज क्षेत्र में वाल्मिकी समाज से जुड़े करीब 6 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारियों ने आज सामूहिक अवकाश करते हुए साफ-सफाई बंद कर दी। इससे कचरा नहीं उठेगा। हालांकि अन्य समाज से जुड़े सफाई कर्मचारियों ने खुद को इस हड़ताल से दूर रखा है। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब कल से दिखने लगेगा, जब शहर में जगह-जगह गंदगी नजर आएगी। जयपुुर में चारदीवारी स्थित छोटी चौपड़ पर आज सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें महिला कर्मचारी भी शामिल हुई। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के बीच संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के अध्यक्ष नं​दकिशोर डंडोरिया ने बताया कि हम लम्बे समय से सरकार को पत्र लिख रहे है और सफाई कर्मचारियों की भर्ती आरक्षण व्यवस्था से न करके वाल्मिकी समाज के लोगों को प्राथमिकता देते हुए करने की मांग कर रहे है। उसके बाद भी सरकार ने हमारी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके कारण हमने आज सामूहिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय किया है। उन्होंने बताया कि सफाई करने का मूल काम वाल्मिकी समाज का है और शहर हो या गांव हमारे ही लोग सफाई करते है। अन्य समाज से आए लोग आज भी सफाई कर्मचारी के पद पर रहते हुए सफाई का काम नहीं करते।

2 हजार कर्मचारी काम पर
दोनों नगर निगम में करीब 2100 सफाई कर्मचारी ऐसे है, जो वाल्मिकी समाज से होकर दूसरे समाज से है। इन कर्मचारियों ने खुद को इस आंदोलन से पूरी तरह दूर रखा है। ये कर्मचारी आज भी अपने काम करने में जुटे हुए है। हालांकि कर्मचारियों की संख्या कम होने से शहर की सफाई व्यवस्था पर इसका प्रभाव देखने काे मिलेगा।

15 मई से भरे जाएंगे आवेदन
स्वायत्त शासन निदेशालय ने पिछले दिनों 176 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद) में 13 हजार 184 पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी की है उसमें आवेदक को एक साल का सफाई कार्य का अनुभव मांगा। इसके लिए किसी भी ठेकेदार या प्लेसमेंट एजेंसी (जो सरकारी या स्वायत्तशासी संस्थान में काम का अनुभव रखती हो) से अनुभव प्रमाण पत्र लेना जरूरी है। आवेदन ऑनलाइन 15 मई से भरने शुरू होंगे, जो 16 जून तक भरे जाएंगे।

सबसे ज्यादा भर्ती जयपुर में
राजस्थान में सबसे ज्यादा भर्ती जयपुर नगर निगम ग्रेटर में होनी है। यहां 3670 पद खाली है। नगर निगम हैरिटेज में 108 पद खाली है। इन नगर निगम के चौंमू में 46, सांभर में 45, चाकसू में 47, कोटपूतली में 67, फुलेरा में 9, जोबनेर में 57, किशनगढ़-रेनवाल में 30, शाहपुरा में 14 और बगरू नगर पालिका में 33 पद सफाई कर्मचारियों के खाली पड़े है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *