चूरू: हिन्दुस्तान की योग संस्कृति सम्पूर्ण विश्व में रखती है अनूठी पहचान

ram

चूरू। 11 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर चूरू जिला मुख्यालय, धार्मिक स्थल सालासर व पर्यटन स्थल ताल छापर सहित जिलेभर में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय स्तर से संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। जिला मुख्यालय स्थित सेठानी जोहड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा जिला प्रभारी सचिव भास्कर ए सावंत, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, पुलिस अधीक्षक जय यादव, प्रधान दीपचंद राहड़, एडीएम अर्पिता सोनी, एएसपी लोकेन्द्र दादरवाल, एसडीएम बिजेन्द्र सिंह, डीवाईएसपी सुनील झाझड़िया, बसंत शर्मा, चंद्राराम गुरी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आमजन ने योगाभ्यास किया। अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ सत्यवीर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि हिन्दुस्तान की वर्षों पुरानी योग संस्कृति सम्पूर्ण विश्व में अपनी अनूठी पहचान रखती है। योग शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक जुड़ाव की प्रक्रिया है। आज की थीम योगा फॉर वन अर्थ वन हेल्थ के माध्यम से स्वास्थ्य व प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का समुचित निर्वहन करने का संदेश देती है। उन्होंने योग संकल्प करवाया और मतदाता शपथ दिलवाई।

चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि रोगमुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है। इस संकल्प में योग बड़ी भूमिका निभाता है। स्वस्थ शरीर के लिए हमें योग के साथ प्राकृतिक खाद्यान्न को खान—पान में शामिल करना होगा। हम योग व शुद्ध खाद्यान्न को शामिल कर संतुलित दिनचर्या से ही बेहतर स्वास्थ्य को प्राप्त कर सकते हैं। प्रभारी सचिव भास्कर ए सावंत ने कहा कि आधुनिकता के युग में स्वयं को मानसिक व शारीरिक तनाव से मुक्त रखने के लिए योगाभ्यास सरल व शानदार उपाय है। व्यस्त दिनचर्या में नियमित योगाभ्यास सुखद अनुभूति है। हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और नियमित योगाभ्यास करें। योग प्रशिक्षक संतरा के नेतृत्व में योग प्रशिक्षकों ने प्राणायाम, ताड़ासन, वज्रासन, शवासन, स्कंध स्थिति, कटि चालन, वुक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, मकरासन, वक्रासन, भुजंगासन सहित निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया।

धार्मिक स्थल सालासर में किया योगाभ्यास
11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के धार्मिक स्थल सालासर स्थित बालाजी गौशाला में योगाभ्यास का जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीएम मंगलाराम पूनिया ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग करना जरूरी है। इससे मानसिक तनाव कम होता है और मन शांत व प्रश्नचित रहता है। उन्होंने योग संकल्प करवाया और मतदाता शपथ दिलवाई। इस दौरान योगाचार्य राम शर्मा, सूर्यप्रकाश शर्मा, प्रियंका सेन व सहयोगी बलदेव ढाका ने आयुष मंत्रालय द्वारा जारी योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। गौशाला अध्यक्ष रविशंकर पुजारी ने सभी का स्वागत करते हुए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाए जाने का आह्वान किया। इस दौरान नायब तहसीलदार अमरसिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सरोज साई, धर्मवीर पुजारी, रतनलाल ढाका, महावीर सिंह पार्वतीसर, भीकमचंद पुजारी, थानाधिकारी सत्यनारायण शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी राजेश बेरवाल, डॉ लादूसिंह राव, बेगाराम ढाका, श्रवण ढिढारिया, भंवरलाल सामोता, डॉ महेंद्र गंगावत, महावीरसिंह राव, गौशाला प्रबंधक बेगाराम ढाका, शिशुपाल शर्मा,भागीरथ शर्मा, गजानंद शर्मा सहित आमजन, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने योगाभ्यास किया।

पर्यटन स्थल छापर में किया योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के तालछापर वन्यजीव अभयारण्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। आयोजित कार्यक्रमों में योग को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। योग शिक्षक राधाकृष्ण स्वामी व जयदीप सिंह ने प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष श्रवण माली, तहसीलदार राजू देवी, क्षेत्रीय वन अधिकारी उमेश बागोतिया, धर्मेन्द्र किलका, डॉ घनश्याम नाथ कच्छावा, जयप्रकाश सोनी, गजानन्द स्वामी, कमल तापड़िया, देवेंद्र बेदी, प्रशांत पारीक, रोहित शर्मा, डॉ पवन भार्गव, डॉ नीरज सक्सेना, धन्नाराम प्रजापत, दीपक चांगल, तेजकरण उपाध्याय, जयराम जांगिड़, आरआई कन्हैया लाल स्वामी, प्रकाश दर्जी, भागीरथ कुल्हरी आदि सहित आमजन मौजूद रहे। इस मौके पर तहसीलदार राजू देवी ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग इस दुनिया को भारत की महान व महत्त्वपूर्ण देन है। योग एक सकारात्मक व रचनात्मक व्यक्तित्व का निर्माण करता है।
इस दौरान प्रभारी डॉ रविन्द्र शर्मा ने मताधिकार प्रयोग की शपथ दिलवाई। संचालन किशनलाल मंडा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *