दीपोत्सव पर रोशनी से नहाया चित्तौड़गढ़,नगर परिषद की भव्य सजावट ने जीता शहरवासियों का दिल

ram

चित्तौड़गढ़। दीपावली के पावन अवसर पर वीरभूमि चित्तौड़गढ़ रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी। शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर नगर परिषद की ओर से की गई आकर्षक विद्युत सजावट ने दीपोत्सव की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम एवं माता लक्ष्मी की भव्य महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। शाम होते ही रोशनी से सजे शहर को निहारने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित घरों से निकले। लोगों ने विभिन्न स्थानों पर सेल्फी लेकर दीपोत्सव के खूबसूरत नजारों को सोशल मीडिया पर साझा किया।

सांसद बोले– दीपों की आभा से दमक उठी वीरभूमि
सांसद सीपी जोशी ने शहर की भव्य विद्युत सजावट की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली पर वीरभूमि चित्तौड़गढ़ दीपों की आभा और रंग-बिरंगी रोशनी से दमक उठी है। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और सकारात्मकता का पर्व है। नगर परिषद की आकर्षक सजावट ने शहर के उत्सवी माहौल को और खास बना दिया है। उन्होंने सभापति अनिल इनानी, पार्षदों और नगर परिषद की पूरी टीम को इस प्रयास के लिए बधाई दी। शहर को दीपावली पर आकर्षक स्वरूप देने के लिए सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के मार्गदर्शन एवं सहयोग से नगर परिषद ने विशेष तैयारियां कीं। सभापति अनिल इनानी के नेतृत्व में उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, शैलेन्द्र झंवर, भोलाराम प्रजापत सहित परिषद की टीम ने सजावट की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर की गई आकर्षक रोशनी ने चित्तौड़गढ़ की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।

शहरवासियों ने सराहा नगर परिषद का प्रयास
विद्युत सजावट को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने नगर परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस बार दीपावली पर शहर का नजारा बेहद आकर्षक और यादगार रहा। सांसद सीपी जोशी सहित शहरवासियों ने सभापति अनिल इनानी, पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। सभापति अनिल इनानी ने शहरवासियों से मिले स्नेह और सराहना के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाना नगर परिषद का लक्ष्य है। शहर में बेहतर रोशनी, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए परिषद लगातार प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *