मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी पशुपालकों का सहारा, मृत भेड़ों का मिला क्लेम

ram

बालोतरा। ग्राम पंचायत जेठंतरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पशुपालन विभाग समदड़ी की एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालक अशोक कुमार को उनकी दो मृत भेड़ों के बीमा क्लेम के रूप में 8 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई।
क्लेम राशि मिलने पर अशोक कुमार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना पशुपालकों के लिए संकट के समय बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि भेड़ों की मृत्यु से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई बीमा योजना के माध्यम से संभव हो सकी।
ग्रामीण सेवा शिविर में शिविर प्रभारी तहसीलदार समदड़ी एवं विकास अधिकारी समदड़ी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसियों का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर पशुपालकों को योजना के लाभों एवं बीमा सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक पशुओं का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया गया।
पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ राजेंद्र सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पशुओं की मृत्यु होने पर पशुपालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में संबल मिलता है। ग्रामीण सेवा शिविर में योजना के प्रति पशुपालकों ने उत्साह दिखाया और बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पॉलिसियां प्राप्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *