पंचायत आम चुनाव हेतु 33 एवं नगर निकाय चुनाव हेतु 17 प्रकोष्ठों का गठन

ram

चित्तौड़गढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने पंचायत आम चुनाव-2026 एवं नगर निकाय चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्यों के संपादन हेतु पंचायत आम चुनाव के लिए 33 तथा नगर निकाय चुनाव के लिए 17 प्रकोष्ठों का गठन किया है। प्रत्येक प्रकोष्ठ के लिए प्रभारी अधिकारी, अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने प्रकोष्ठ से संबंधित समस्त निर्वाचन कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समयबद्ध, प्रभावी एवं समन्वित रूप से संपादित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें।

उन्होंने बताया कि दोनों निर्वाचन प्रक्रियाओं के समग्र (ओवरऑल) प्रभारी अधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर, (प्रशासन) चित्तौड़गढ़ होंगे। प्रत्येक प्रकोष्ठ के समक्ष उसके द्वारा संपादित किए जाने वाले कार्यों का संक्षिप्त विवरण भी निर्धारित किया गया है।

पंचायत आम चुनाव-2026 के लिए गठित प्रमुख प्रकोष्ठों में चुनाव संचालन, आरओ-एआरओ (जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य), कानून एवं व्यवस्था, निर्वाचन अनुभाग एवं लेखा, पेड न्यूज मॉनिटरिंग एवं एमसीएमसी, स्वीप एवं प्रचार-प्रसार, एरिया, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, मतदान दल, मतगणना दल एवं माइक्रो पर्यवेक्षक नियुक्ति, भोजन व्यवस्था, मतपत्र एवं डाक मतपत्र मुद्रण, डाक मतपत्र एवं निर्वाचन कर्तव्य मतदान (ईडीसी/प्रॉक्सी वोटिंग), पोलिंग कार्मिकों का ऑनलाइन विवरण, स्टोर व्यवस्था, यात्रा भुगतान, वाहन एवं आवास व्यवस्था, चुनाव मार्गदर्शिका एवं सांख्यिकी, मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा जांच, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं कंप्यूटर, कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क एवं आदर्श आचार संहिता शिकायत, पर्यवेक्षक व्यवस्था, ग्रुपिंग, रूट चार्ट, जोन चार्ट एवं नक्शा, मतदान सामग्री वितरण, सीलबंद एवं अभिलेख प्रबंधन, ईवीएम तैयार करने, वितरण एवं पुनः प्राप्ति, डाक प्राप्ति-प्रेषण एवं बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पृथक-पृथक प्रकोष्ठ गठित किए गए हैं।

इसी प्रकार नगर निकाय चुनाव-2026 के सफल संचालन के लिए भी 17 प्रकोष्ठ गठित किए गए हैं, जिनके माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं व्यवस्थागत कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *