नई दिल्ली। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनावों की काउंटिंग अंतिम चरण में है। नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। बिहार के बांकीपुर में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 10 हजार से ज्यादा वोटों के मार्जिन से बढ़त बनाए हुए हैं। 18वें राउंड की गिनती तक प्रशांत को 38,201 वोट मिले हैं। भाजपा के नीरज कुमार 26, 912 वोटों के साथ लगातार पीछे चल रहे हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती है। वे यहां लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 9 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा ने यहां से 3 बार विधायक रह चुके नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी कांग्रेस से पिछड़ गई है। वहीं गुजरात के मंजलपुर में भाजपा के सतेन्द्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल की जीत लगभग तय है। 20 में से 19 राउंड की गिनती हो चुकी है। सतीश पटेल को 55,244 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई को 24,677 वोट मिले हैं।
गुजरात की मंजलपुर सीट पर BJP प्रत्याशी सतीश पटेल जीते
गुजरात के वडोदरा की मंजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने 30,499 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 24,585 वोट मिले। जीत के बाद सतीश पटेल ने कहा कि मंजलपुर की जनता ने जिस तरह योगेश काका को प्यार और समर्थन दिया, उसी तरह मुझे भी आशीर्वाद दिया है। वहीं, भिखाभाई रबारी ने हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के आखिरी समय में भाजपा ने डर का माहौल बनाया था। 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.05% मतदान हुआ था।
दतिया में नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भाजपा हारी, कांग्रेस को 27 वोट ज्यादा मिले
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में 9वें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 9,519 वोटों से आगे हैं। कांग्रेस को अब तक 44,958 वोट, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 35,439 वोट मिले हैं। अब तक 15 में से 9 राउंड पूरे हो चुके हैं। 6 राउंड की गिनती बाकी है। 9वें राउंड में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का पोलिंग बूथ नंबर-121 भी शामिल था। यहां कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले। यानी नरोत्तम के बूथ पर भी कांग्रेस को 27 वोटों की बढ़त मिली। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि भाजपा के अंदरूनी समीकरणों का फायदा कांग्रेस को मिल रहा है।
दतिया में कांग्रेस को 6,583 वोटों से बढ़त, 8वें राउंड में भी BJP पीछे
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में 8वें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6,583 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 38,264 वोट मिले हैं। भाजपा के आशुतोष तिवारी को 31,681 वोट मिले हैं। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव ‘मंडल’ को 11,758 वोट मिले हैं। 15 में से 8 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है।



