ब्रिक्स समिट में विश्व कल्याण के ल‍िए मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी : पीएम मोदी

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए कई देशों के नेता नई दिल्ली में जुटेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में दुनिया के हित और कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंदी में सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट करते हुए कहा, “दुनिया भर के नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एकत्र होंगे। मुझे विश्वास है कि इस सम्मेलन में विश्व कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।” प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें अच्छे और सज्जन लोगों के साथ संबंध बनाने, संवाद बढ़ाने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया।
श्लोक का भावार्थ कुछ इस प्रकार है, “मनुष्य को हमेशा अच्छे लोगों के बीच रहना चाहिए और उनका साथ बनाए रखना चाहिए। उसे सज्जनों के साथ चर्चा और मित्रता बढ़ानी चाहिए, क्योंकि आपसी सद्भाव, बातचीत और अच्छे संबंध शांति और सहयोग को मजबूत करते हैं।”
ब्रिक्स 2026 की अध्यक्षता भारत के पास है। इसी के तहत भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों, साझेदार देशों और अन्य आमंत्रित देशों के नेता हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, सम्मेलन के दौरान नेता ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
इससे पहले, गुरुवार रात को सम्मेलन स्थल भारत मंडपम को इस बड़े आयोजन के लिए अंतिम रूप से तैयार किया जा रहा था। 12 से 13 सितंबर के बीच दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधियों और नेताओं के यहां पहुंचने की उम्मीद है।
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आधिकारिक ‘एक्‍स’ हैंडल ने गुरुवार को पोस्ट करते हुए कहा, “यह दिल्ली है। यह खास पल है। अपनी समृद्ध विरासत की चमक के साथ भारत मंडपम 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार हो रहा है और राजधानी इस आयोजन की अंतिम तैयारियों में जुटी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *