बाड़मेर। नगर परिषद सभापति के चुनाव में भाजपा के गौतमचंद जैन ‘बॉबी’ विजेता रहे। इसके लिए हुई वोटिंग में बॉबी को 35 वोट मिले, इनमें 29 भाजपा, 5 निर्दलीय और 1 कांग्रेस पार्षद शामिल है। भाजपा ने कांग्रेस खेमे में सेंध लगाई। दूसरी ओर कांग्रेस के जयमलसिंह महज 20 वोट ही मिले। शहर की सरकार में 17 साल बाद भाजपा ने वापसी की हैं। वहीं बाड़मेर नगर निकाय के 73 साल के इतिहास में वे जैन समाज से 7 वें सभापति चुने गए हैं। 2004 में बलराम प्रजापत के बाद अब भाजपा का परचम लहराया है। मतदान के बाद फिर से पार्षदों की बाड़ेबंदी, उपसभापति का चुनाव आज, क्रॉस वोटिंग का डर, स्पष्ट बहुमत के साथ 6 अतिरिक्त पार्षदों के वोट भाजपा के पास 29 पार्षदों के साथ बोर्ड बनाने का स्पष्ट बहुमत था। पार्टी ने सभापति चुनाव से पहले ही 5 निर्दलीय पार्षदों को भाजपा ज्वाइंन करवा दी। वोटिंग के दौरान कड़ी सुरक्षा और बाड़ेबंदी के बावजूद कांग्रेस (21 पार्षद) के खेमे में सेंध लगाकर एक क्रॉस वोटिंग भी करवाई गई। इस सटीक रणनीति के चलते भाजपा प्रत्याशी बॉबी को कुल 35 मिले। चुनाव के दौरान राज्यमंत्री केके विश्नोई, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई, भाजपा वरिष्ठ नेता स्वरूपसिंह खारा, बालाराम मूढ़, महावीरसिंह चूली, लूणकरण बोथरा, रमेशसिंह इंदा सहित कई भाजपाई उपस्थित रहे। इसके अलावा कांग्रेस से जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खां, राजेंद्र चौधरी मौजूद रहे।
4 मोर्चों पर खुद को साबित करने की चुनौती
1. गायब फाइलों का रहस्य और भ्रष्टाचार पर एक्शन: नगर परिषद से पट्टों, टेंडरों और भूमि-नियमन से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलों के गायब होने के मामलों की निष्पक्ष जांच करवाना सबसे बड़ा टास्क है। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर रोक। 2. पट्टा वितरण: कृषि भूमि पर बसी कॉलोनियों के नियमन और वर्षों से अटके पड़े पट्टों की फाइलों को निपटाना। 3. अतिक्रमण और चरमराई सफाई व्यवस्था: शहर के मुख्य बाजारों को अतिक्रमण से मुक्त करवाकर यातायात सुगम बनाना। कचरा निस्तारण में सुधार करना। 4. सीवरेज ओवरफ्लो और जर्जर सड़कें: बारिश के कारण खस्ताहाल हुई शहर की सड़कों का जल्द पुनर्निर्माण करवाना। सीवरेज ओवरफ्लो की स्थाई समाधान।
चुनाव एक नजर में
कुल पार्षद (वोट): 55 गौतमचंद बॉबी (भाजपा) 35 वोट जयमलसिंह (कांग्रेस) 20 वोट जीत का अंतर: 15 वोट उप सभापति के चुनाव आज: उप सभापति के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन प्रस्तुत होंगे। 2.30 से 5 बजे तक मतदान होगा।
विकास का विजन
मैं शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। शहर के जो भी अधूरे काम हैं, उन्हें पूरा करवाऊंगा। सड़क, पानी, बिजली, नाली, सीवरेज और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारी जाएगी। पूर्व में जो भ्रष्टाचार हुआ है, उसकी जांच करवाएंगे। विकास को लेकर रोड मैप तैयार करेंगे। – गौतमचंद बॉबी, सभापति, नगर परिषद बाड़मेर।



