बालोतरा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बालोतरा जिले में ‘विकसित भारत-जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम ने इन शिविरों के सफल व सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए बताया कि डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ) डॉ. रोहिताश पंवारिया को जिला नोडल अधिकारी और जिला अस्पताल बालोतरा के ब्लड बैंक प्रभारी पैथोलॉजिस्ट डॉ. खेताराम को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को ब्लॉक नोडल और ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविरों के दौरान चिकित्सा संस्थानों में रक्तदान हेतु संकल्प पत्र भरवाने, शपथ ग्रहण कराने तथा गतिविधियों के फोटो-वीडियो ई-रक्तकोष एवं जनसेवा अभियान पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय, बालोतरा, उप जिला चिकित्सालय, सिवाना, उप जिला चिकित्सालय, धोरीमन्ना, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गुड़ामालानी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिणधरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं 25 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पाटोदी, 29 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, गिड़ा, 3 अक्टूबर को उप जिला चिकित्सालय, समदड़ी, 9 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पचपदरा, 13 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कल्याणपुर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त आरसीएचओ शाखा को 25 से 27 सितंबर 2026 तक टीकाकरण एवं “आंगन मिलन सेवा” के तहत आशा सहयोगिनियों के समन्वय से होने वाली गतिविधियों का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने आमजन से इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रक्तदान कर जीवन रक्षा में योगदान देने का आह्वान किया।
‘विकसित भारत-जनसेवा अभियान’ के तहत आयोजित होंगे रक्तदान शिविर
ram


