भूमि पूजन केवल एक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि न्याय के सुदृढ़ एवं सशक्त भविष्य की नींव- उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

ram

भीलवाड़ा। राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक माननीय मुख्य न्यायाधिपति श्री संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए न्यायिक प्रक्रिया में आधुनिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है, किन्तु यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि तकनीक का उपयोग व्यावहारिक एवं परिणामोन्मुख हो। उन्होंने कहा कि ई-कोर्ट, डिजिटल फाइलिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से न्याय प्रणाली को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। यह बात उन्होंने सांगानेर-तस्वारिया स्थित 62 बीघा भूमि पर नवीन जिला न्यायालय परिसर के निर्माण हेतु आयोजित समारोह के दौरान कहीं। उन्होंने नवीन न्यायालय परिसर के निर्माण में आधुनिक एवं समुचित सुविधाओं के समावेश पर बल देते हुए कहा कि पर्याप्त न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के लिए सुव्यवस्थित चैंबर, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, पुस्तकालय, प्रतीक्षालय एवं पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि न्यायिक कार्यों का सुचारू संचालन हो सके। इस अवसर पर सांगानेर-तस्वारिया स्थित 62 बीघा भूमि पर नवीन जिला न्यायालय परिसर के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन किया गया। साथ ही जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी, माननीय न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति श्री फरजन्द अली, न्यायाधिपति श्री प्रवीर भटनागर तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभय जैन सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। माननीय न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति श्री फरजन्द अली, न्यायाधिपति श्री प्रवीण भटनागर तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभय जैन श्री उम्मेद सिंह राठौड़ ने अपना उद्बोधन दिया । समारोह का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भूमि पूजन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष श्री उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष श्री महिपाल सिंह राणावत, महासचिव श्री पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव श्री मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष श्री रवि गोरानी, सह-सचिव श्री आदित्य सिंह चौहान एवं पुस्तकालय सचिव श्री प्रताप तेली व मनोनीत कार्यकारिणी सदस्य पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास, ओमप्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़, आनंद शर्मा शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा नवीन न्यायालय परिसर हेतु आवंटित भूमि पर किया गया यह भूमि पूजन केवल एक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि न्याय के सुदृढ़ एवं सशक्त भविष्य की नींव रखने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था लोकतंत्र की आधारशिला है और जब न्याय सुलभ, सुगम एवं प्रभावी होता है, तभी समाज में विश्वास, संतुलन एवं स्थिरता सुनिश्चित होती है। न्यायाधिपति श्री पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता को सकारात्मक एवं उत्साहजनक बताते हुए कहा कि इससे न्याय प्रणाली अधिक समावेशी एवं सशक्त बन रही है। न्यायाधिपति श्री फरजंद अली ने युवा अधिवक्ताओं को पढ़ने और परिश्रम करने के लिए प्रेरणापस्द उद्बोधन दिया । याधिपति श्री प्रवीर भटनागर ने अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिवक्ता केवल संस्था के प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि न्याय के सशक्त प्रहरी हैं, जो समाज में विधि के शासन एवं आमजन के अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभय जैन जिला एवं सेशन न्यायाधीश भीलवाड़ा ने कहा कि 62 बीघा भूमि का आवंटन न्यायिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ठोस पहल है, जो समाज में न्याय के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगा। नवीन न्यायालय परिसर के निर्माण से वर्तमान में स्थानाभाव के कारण उत्पन्न समस्याओं का समाधान होगा तथा न्यायिक कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार आएगा। बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रस्तावित न्यायालय परिसर भविष्य में हजारों नागरिकों को पारदर्शी एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उल्लेखनी हे कि वर्तमान जिला एवं सत्र न्यायालय वर्ष 1948 से संचालित हो रहा है तथा स्थान की कमी के कारण कई न्यायालय परिसर से बाहर संचालित हो रहे हैं। पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा ने उनके कार्यकाल मे हुए न्यायालय हित मे कार्यों को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया और नवीन कार्यकारिणी अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ को संस्था का कार्यभार सौपाद्य मंच संचालन विशिष्ठ न्यायिक मजिस्ट्रेट एन. आई. एक्ट 5 प्रियंका पुरोहित व अशोक व्यास ने किया । कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, बड़ी संख्या में जिले की समस्त न्यायाधिकरण, अधिवक्तागण, न्यायालय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन के सफल संचालन में अभिभाषक संस्था के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *