पात्र व्यक्ति तक पहुँचे सरकार की योजनाओं का लाभ -सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री

ram

जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को उदयपुर दौरे के दौरान चित्रकूट नगर स्थित राजकीय किशोर गृह में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए जिले में विभिन्न विभागीय कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पेंशन प्रकरण, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलें।
विभागीय योजनाओं की प्रगति का लिया फीडबैक
बैठक में मंत्री श्री गहलोत ने पालनहार योजना में नव शामिल बच्चों की जानकारी प्राप्त की तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं में प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण, लाभार्थियों की स्थिति, एट्रोसिटी प्रकरणों एवं अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की।
जर्जर छात्रावास भवनों की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश
मंत्री श्री गहलोत ने विभागीय आवासीय छात्रावासों के जर्जर भवनों की मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यालयों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के फोटो लगाने का सुझाव भी अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जिले में दिव्यांगजनों को समय पर पेंशन का लाभ मिले, इसके लिए चिकित्सा विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर सभी विसंगतियों को दूर किया जाए। साथ ही 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्तियों को मुख्यमंत्री दिव्यांगजन स्कूटी योजना के लिए अधिकाधिक आवेदन करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।
नारी निकेतन एवं छात्रावासों में बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर
श्री गहलोत ने नारी निकेतन की सुरक्षा व्यवस्था एवं सामान्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि आवासीय संस्थाओं और छात्रावासों में बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लाभार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।बैठक से पूर्व मंत्री श्री गहलोत ने किशोर गृह परिसर में श्एक पेड़ मां के नामश् एवं श्हरियालो राजस्थानश् अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया एवं जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *