मुंबई। न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने 96 रन से जीत हासिल की, जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के नकद इनाम की घोषणा कर दी है। इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था। उस समय विजेता टीम को 125 करोड़ रुपए का इनाम मिला था। पिछली बार की तुलना में बीसीसीआई ने इस बार नकद इनाम में 6 करोड़ रुपए का इजाफा किया है। बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया, “भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में भी उनकी लगातार सफलता की कामना करता है।”
भारत ने साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था। इस बार कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में थी। भारत आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बरकरार रखने वाला पहला देश बन गया है। इसी के साथ भारत तीन बार आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहले देश बन गया है।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई।
96 रन से फाइनल मैच जीतने के साथ भारत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से दी जाने वाली 2.34 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 21.5 करोड़ रुपए) की विजेता राशि अपने नाम की, जबकि उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.17 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 10.75 करोड़ रुपए) मिले।

टी20 वर्ल्ड कप विजेताओं पर बरसा पैसा, बीसीसीआई देगा 131 करोड़ रुपए का नकद इनाम
ram


