वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम: कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया

ram

जयपुर । ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान 2026 के अंतर्गत कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा जयपुर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सोमवार को जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, प्राकृतिक खेती एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विविध जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में किसानों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, किसान समूहों एवं ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। जिला परिषद् की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्प्रिंकलर, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, पाइपलाइन एवं फार्म पॉण्ड योजनाओं की जानकारी किसानों को प्रदान की गई तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृतियां भी जारी की गईं। सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राकृतिक, जैविक एवं प्रिसिजन खेती विषयक कार्यशालाओं एवं प्रदर्शनों का आयोजन किया गया, जिनमें किसानों को जल की प्रत्येक बूंद के अधिकतम उपयोग एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई। शाहपुरा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 1805 नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यों की तैयारियां की गईं तथा विद्यालयों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया गया। दूदू क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 923 किसानों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान 25 किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही 20 स्थानों पर हरियालो राजस्थान अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा 17 किसानों को कम्पोस्टिंग तकनीकों की जानकारी दी गई। 15 किसानों को लघु सिंचाई यंत्रों का प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता से अवगत कराया गया। किसान चौपालों एवं कृषि शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकों, जल संरक्षण आधारित खेती तथा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों का अवलोकन एवं लोकार्पण भी किया गया तथा नवीन कार्यों की स्वीकृतियों की प्रक्रिया संपादित की गई। कृषि विज्ञान केंद्रों एवं ग्राम स्तरीय कृषि गोष्ठियों में कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को नवीन कृषि अनुसंधान, उन्नत बीज, फसल प्रबंधन एवं जल संरक्षण संबंधी तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण की तैयारियों को गति देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जनसहभागिता से पौध संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रगतिशील कृषकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने सहभागिता की। जिला प्रशासन ने आमजन से जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी आधारित मुहिम में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *