गुवाहाटी. पश्चिम बंगाल की राजनीति में मची उथल-पुथल के बीच ममता बनर्जी के विरोधी लगातार उन पर तंज कस रहे हैं। पार्टी और सिंबल गंवा चुकीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री को चुनाव आयोग ने नया चिन्ह फुटबॉल खेलता हुआ खिलाड़ी दिया है। अब इस चिन्ह को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तंज कसा है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए हिमंत ने कहा कि जल्दी ही उनका यह चुनाव चिन्ह भी पिचक जाएगा। पश्चिम बंगाल उप चुनाव में प्रचार करने के लिए पहुंचे असम सीएम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अब ममता बनर्जी कभी भी वापस सत्ता में नहीं आएंगीं। उन्होंने कहा, “ममता अब जा चुकी हैं। वह वापस नहीं आएंगी। उनके बारे में भूल जाइए। अगर आप ममता के बारे में चिंता करते रहेंगे, तो आपका ब्लड प्रेशर बढ़ जाएगा। अब (मुख्यमंत्री) सुभेंदु अधिकारी राज्य का विकास करेंगे और ममता बैठकर देखेंगी कि विकास कैसे होता है।”
दो फूल वाला चला गया, फुटबॉल वाला भी चला जाएगा- हिमंत
असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जल्दी ही उनका नया चुनाव चिन्ह भी चला जाएगा। उन्होंने कहा, “दो फूल वाला चिन्ह चला गया है। दो दिन बाद फुटबॉल वाला फूल भी चला जाएगा। दो दिन इंतजार कीजिए, फुटबॉल जल्दी ही पिचक जाएगा। ममता दीदी कहीं नहीं रहेंगी।”
राहुल गांधी ने मर्डर का लाइसेंस दिया है?- हिमंत बिस्वा
नंदीग्राम से कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी असम सीएम ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “क्या राहुल गांधी ने उसे मर्डर करने का लाइसेंस दिया है? आप उसे कैसा प्रत्याशी कहेंगे। मैंने अखबारों में पढ़ा है कि उसके ऊपर 2007 से तीन से चार मर्डर के केस दर्ज हैं। यह आप कैसी पार्टी चला रहे हैं। जब ऐसे मामले आते हैं, तो गिरफ्तार करना पुलिस की ड्यूटी है। यही कानून है।” सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘मेड’ तक कह दिया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी पूरी तरह से पागल हैं। जब भी मैं उन्हें देखता हूं, तो मुझे बहुत मजा आता है। वे कभी टेलीविजन पर कभी विदेश में और कभी भारत में दिखाई देते हैं। बता दें, नंदीग्राम विधानसभा उप चुनाव से पहले ममता बनर्जी गुट की संगीता प्रधान डे ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने खुले तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया था। हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान में उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। ममता बनर्जी और कांग्रेस की तरफ से इसे भाजपा की बदले की राजनीति कहा जा रहा है। वहीं सत्ताधारी दल इसे कानून बता रहा है। पुलिस के मुताबिक, मिलन प्रधान पर पहले से ही यह मुकदमें दर्ज हैं। चुनाव के समय ऐसे अपराधियों पर ऐक्शन लिया जाता है।



