अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच ईरान के राष्ट्रपति का दावा, नहीं रुका व्यापार और उत्पादन

ram

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने शनिवार को कहा कि दुश्‍मन की तमाम कोश‍िशों के बाद भी ईरान में उत्पादन का पहिया लगातार घूम रहा है। ईरान बम, म‍िसाइल और तबाही मचाने वाले संघर्ष से कहीं अधिक कठ‍िन ‘खामोश आर्थिक युद्ध’ लड़ रहा है। सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, तेहरान में आयोजित एक सम्मेलन में पेजेश्कियन ने कहा कि ‘दुश्मन’ को उम्मीद थी कि ईरान में खाद्यान्न संकट पैदा होगा और बाजार में जरूरी वस्तुओं की कमी हो जाएगी, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं हो सका।तमाम दबावों के बावजूद देश में उत्पादन का काम लगातार जारी है और उद्योगों के पहिए चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने माना कि अमेरिका की ओर से छेड़ा गया आर्थिक दबाव और प्रतिबंधों का अभियान कोई आसान चुनौती नहीं है। पेजेश्कियन ने कहा कि ईरान की सुरक्षा और सैन्य बलों ने मजबूती से जवाब दिया है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे ‘दुश्मन के हमलों और असमान युद्ध’ का सामना करने के लिए एकजुट रहें और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करें।
आईआरएनए की र‍िपोर्ट के मुताबिक, ईरान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अली जेनीवंद ने कहा कि अमेरिका की ओर से लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंधों और हवाई तथा जमीनी स्तर पर की गई पाबंदियों के बावजूद ईरान का व्यापार पूरी तरह नहीं रुका है।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय पड़ोसी देशों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है और सीमा तथा व्यापार से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा समस्याओं का समाधान निकल आएगा। जेनीवंद ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ सीमाओं के अस्थायी रूप से बंद होने के बावजूद सीमा पार होने वाले व्यापार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट पर अपनी पकड़ मजबूत कर दी। वहीं अमेरिका ने ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू करते हुए देश पर आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *