‘अल्फा’ का दमदार टीजर रिलीज, एक्शन अवतार से फैंस को चौंकाया

ram

मुंबई। यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई थी। खास बात यह है कि यह स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है। मेकर्स ने आखिरकार फिल्म का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है। करीब एक मिनट 55 सेकेंड्स का यह टीजर एक्शन, सस्पेंस, इमोशन्स और बड़े मिशन की झलकियों से भरपूर है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है और दर्शक आलिया भट्ट के नए अवतार की तारीफ कर रहे हैं। टीजर की शुरुआत में बॉबी देओल और आलिया भट्ट एक शानदार रेस्तरां में बैठे दिखाई देते हैं। बॉबी आलिया के पिता की भूमिका में हैं। यह आलिया के 18वें जन्मदिन का अवसर होता है। शुरुआत में सब कुछ एक सामान्य पिता-बेटी के सेलिब्रेशन जैसा लगता है, लेकिन कुछ ही पलों में कहानी नया मोड़ ले लेती है। बॉबी देओल अपनी बेटी को एक कार्ड देते हैं, जिस पर एक कमरे का नंबर लिखा होता है।
जब आलिया उससे जुड़ा सवाल पूछती हैं, तब पता चलता है कि यह कोई गिफ्ट नहीं, बल्कि उनका पहला मिशन है।
यहीं से टीजर का रोमांच बढ़ना शुरू हो जाता है। बॉबी देओल अपनी बेटी से कहते हैं कि जिस दिन का इंतजार था, वह आ गया है। उन्होंने उसे बचपन से जिस मकसद के लिए तैयार किया था, अब उसे पूरा करने का समय आ गया है।
इसके बाद टीजर में आलिया का बिल्कुल अलग अवतार दिखाई देता है। वह दुश्मनों पर कभी चाकू से वार करती हैं, तो कभी सिर पर गोली चलाती हैं। वह कई खतरनाक एक्शन करती नजर आ रही हैं।
टीजर में ‘अल्फा’ नाम से एक सीक्रेट प्रोग्राम से रूबरू कराया जाता है, इसके तहत देश की अगली पीढ़ी के योद्धाओं को तैयार किया जाता है।
टीजर में जहां आलिया भट्ट का एक्शन सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है, वहीं बॉबी देओल का रहस्यमयी अंदाज भी लोगों को प्रभावित कर रहा है। हालांकि फिल्म में शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं, लेकिन इस टीजर में उनकी झलक नहीं दिखाई गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उनके किरदारों से जुड़े अलग प्रोमो या पोस्टर सामने आ सकते हैं।
‘अल्फा’ यश राज फिल्म्स के लोकप्रिय स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। इससे पहले ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में इस यूनिवर्स का हिस्सा रह चुकी हैं।
फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है, जबकि निर्देशन शिव रवैल ने किया है।
पहले इस फिल्म को 10 जुलाई 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 3 जुलाई 2026 तय की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *