चूरू। आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस (एआरओ) झुंझुनूं द्वारा जून, 2026 में आयोजित आर्मी कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण करने वाले पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। उत्तीर्ण करने वाले पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता भर्ती रैली सीकर में आयोजित होगी।
झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए नोडल एजेंसी एआरओ झुंझुनूं ने भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी किया है। कार्यक्रम के अनुसार अग्निवीर क्लर्क (ड्यूल कैटेगरी सहित) के लिए रैली 11 से 13 अक्टूबर 2026 को सीकर में आयोजित होगी एवं अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर 10वीं पास एवं अग्निवीर 8वीं पास श्रेणियों के लिए रैली 30 जनवरी, 2027 से 22 फरवरी, 2027 तक बीकानेर में आयोजित होगी।
समस्त शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर लॉगिन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रिंट कर सकते हैं। रैली स्थल पर प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी एवं समस्त आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र पर अंकित रिपोर्टिंग तिथि, समय एवं स्थान ध्यानपूर्वक जांच लें तथा अंतिम समय की प्रतीक्षा न करते हुए प्रवेश पत्र पहले ही डाउनलोड कर लें। अधिक जानकारी के लिए एआरओ झुंझुनू से दूरभाष 01592-250192 एवं 01592-295614 अथवा ईमेल arojhunjhunu@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।


