भव्य योजना के तहत बूंदी एवं बालोतरा में औद्योगिक पार्कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश-कुल 902.64 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 681.33 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव-उद्यमियों को मिलेंगी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं, निवेश और रोजगार के अवसरों को मिलेगा बढ़ावा –मुख्य सचिव

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्रदेश में औद्योगिक निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की मंशा के अनुरूप मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने बूंदी एवं बालोतरा में प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन करने तथा इनके विकास संबंधी प्रस्ताव 30 नवम्बर तक केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में रीको ने दो नए औद्योगिक पार्क विकसित करने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बूंदी जिले में लाखेरी के समीप खरायता में 370.05 एकड़ क्षेत्र में 468.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के समीप बोरावास-कलावा द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से औद्योगिक पार्क विकसित किया जाना प्रस्तावित है। रीको के प्रबंध निदेशक श्री सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों में उद्यमियों को सड़क,बिजली, पानी और भंडारण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही, ‘प्लग एंड प्ले’ व्यवस्था के तहत उद्योग शुरू करने के लिए तैयार आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा श्रमिक आवास एवं हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की भव्य योजना के तहत देशभर में 100 आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य है।योजना के अंतर्गत राज्य सरकार अथवा अधिकृत संस्था द्वारा विकसित किए जाने वाले औद्योगिक पार्कों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित औद्योगिक पार्कों को अंतिम स्वीकृति मिलने के पश्चात दो वर्ष की अवधि में विकसित किया जाना है। बैठक में वन,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य तथा राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के प्रमुख शासन सचिव श्री टी. रविकांत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री हेमंत कुमार गेरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *