भूजल संकट से खतरे में है नदियों का अस्तित्व

ram

बाल मुकुन्द ओझा
जीवनदायी नदियों के बारे में समय समय पर जो सूचनाएं मिलती है वे हमारे लिए हितकर नहीं है। कहीं पर्याप्त वर्षा न होने से नदियां सूखती जा रही है तो कहीं मानव जनित कारणों से नदिया बर्बाद हो रही है। नदियों का सही रख रखाव नहीं होने, भूजल प्रवाह में गिरावट और दुनियाभर की गंदगी, कूड़ा करकट प्रवाहित करने से नदियों की स्थिति निश्चय ही बेहद चिंताजनक है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन के अनुसार, 1961 से 2021 तक के 6 दशकों में भारत की 18 प्रमुख नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के विश्लेषण में पाया गया कि लगभग 30 प्रतिशत केंद्रों पर भूजल प्रवाह में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जबकि केवल 8 प्रतिशत केंद्रों पर ही वृद्धि देखी गई। अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक नदी घाटियों के कई निगरानी केंद्रों पर भूजल प्रवाह घट रहा है, जिससे इन बारहमासी नदियों और विशेष रूप से इनकी छोटी सहायक नदियों के सूखने का खतरा बढ़ गया है। साबरमती, कावेरी, पेन्नार और दक्षिण तटीय नदी घाटियों में औसत भूजल प्रवाह में सबसे तीव्र गिरावट है, जबकि कृष्णा, महानदी, माही और नर्मदा नदियों के केंद्रों पर भी 10 से 25 प्रतिशत तक की कमी देखी गई है। वहीं सिंधु, गोदावरी, ब्राह्मणी और सुवर्णरेखा जैसी कुछ घाटियों में सकारात्मक रुझान भी देखे गए हैं। अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में यह गिरावट सबसे अधिक स्पष्ट है, जहां सिंचाई के लिए भूजल का अत्यधिक दोहन किया जाता है। विशेष रूप से सिंचाई (धान और गेहूं जैसी फसलों) के लिए भूमिगत जल के भारी दोहन के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे नदियों को पानी मिलने की बजाय कई जगहों पर उल्टा नदियों का पानी रिसकर जमीन में जा रहा है।
नदियों के सुचारु प्रवाह की दिशा में कई अन्य रुकावटें भी दृष्टिगोचर हो रही है जिन पर भी चिंतन मंथन की जरुरत है। भारत की आत्मा नदियों में बसती आई है, जो सदियों से हमारी सभ्यता और आस्था का प्रतीक रही हैं। नदियां देश की जीवनरेखा हैं। ये पेयजल, सिंचाई, कृषि, जैव विविधता और करोड़ों लोगों की आजीविका का आधार हैं। गंगा, यमुना, ब्रह्मपुत्र, नर्मदा, गोदावरी, कृष्णा और कावेरी जैसी प्रमुख नदियाँ भारत की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आज ये ही नदियां मानव निर्मित कचरे, प्लास्टिक के जाल और उद्योगों से निकलते ज़हरीले रसायनों ने इन अमृत समान जलधाराओं को विषैला बना दिया है। नदियां कभी हमारी पहचान थी। आदिकाल से जीवनदायिनी रही हमारी पवित्र नदियां आज दम तोड़ रही हैं। नदियों और झीलों के रूप में पानी के प्रचुर प्राकृतिक स्रोतों पर विचार करते हुए देखे तो भारत एक समृद्ध देश है। नदियां न केवल करोड़ों लोगों के लिए पेयजल, सिंचाई और आजीविका का मुख्य स्रोत हैं, बल्कि अपने प्राकृतिक सौंदर्य से देश की पहचान भी बनाती है। भारत में आठ मुख्य नदी प्रणाली हैं, जिनमें 400 से ज़्यादा नदियां बहती हैं। बहुत-से जन-जीवन इन नदियों के पानी पर आश्रित हैं। ऐसे में अगर नदियां ही मैली होंगी तो उनके लिए गुज़ारा करना बहुत मुश्किल हो जाएगा। नदियों की साफ-सफाई और ज़रूरतों पर ध्यान न देने से नदियां सूख जाती हैं और इससे मौसम चक्र भी प्रभावित होता है। देश को नदियों की भूमि के रूप में उल्लेखित किया जा सकता है, भारत के लोग नदियों की पूजा देवी और देवताओं के रूप में करते हैं। लेकिन क्या विडंबना है कि नदियों के प्रति हमारा गहन सम्मान और श्रद्धा होने के बावजूद, हम उसकी पवित्रता, स्वच्छता और भौतिक कल्याण बनाए रखने में सक्षम नहीं हैं। हमारी मातृभूमि पर बहने वाली गंगा, यमुना, ब्रह्मपुत्र और कावेरी या कोई अन्य नदी हो, कोई भी प्रदूषण से मुक्त नहीं है। नदियों के प्रदूषण के कारण पर्यावरण में मनुष्यों, पशुओं, मछलियों और पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर जलजनित बीमारियाँ और स्वास्थ्य सम्बंधित समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
हमारी पवित्र नदियां आज कूड़ा घर बन जाने से कराह रही हैं, दम तोड़ रही हैं। गंगा, यमुना, घाघरा, बेतवा, सरयू, गोमती, काली, आमी, राप्ती, केन एवं मंदाकिनी आदि नदियों के सामने खुद का अस्तित्व बरकरार रखने की चिंता उत्पन्न हो गई है। बालू के नाम पर नदियों के तट पर कब्जा करके बैठे माफियाओं एवं उद्योगों ने नदियों की सुरम्यता को अशांत कर दिया है। प्रदूषण फैलाने और पर्यावरण को नष्ट करने वाले तत्वों को संरक्षण हासिल है। वे जलस्रोतों को पाट कर दिन-रात लूट के खेल में लगे हुए हैं। केंद्र ने भले ही उत्तर प्रदेश सरकार की सात हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना अपर गंगा केनाल एक्सप्रेस-वे पर जांच पूरी होने तक तत्काल रोक लगाने के आदेश दे दिए हों, लेकिन नदियों के साथ छेड़छाड़ और अपने स्वार्थों के लिए उन्हें समाप्त करने की साजिश निरंतर चल रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे से लेकर गंगा नदी के इर्द-गिर्द रहने वाले 50 हजार से ज्यादा दुर्लभ पशु-पक्षियों के समाप्त हो जाने का ख़तरा भले ही केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की पहल पर रुक गया हो, लेकिन समाप्त नहीं हुआ। गंगा और यमुना के मैदानी भागों में माफियाओं एवं सत्ताधीशों की मिलीभगत साफ दिखाई देती है। नदियों के मुहाने और पाट स्वार्थों की बलिवेदी पर नीलाम हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *