जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और हरित रेलवे की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। रेलवे में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के साथ रेल संचालन में विद्युत कर्षण का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, अक्टूबर 2026 में रेलवे पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 17.68 लाख यूनिट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया गया। इस दौरान 298.25 किलोवाट पीक क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र भी सफलतापूर्वक शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि रेल संचालन में विद्युत कर्षण के उपयोग में भी प्रगति हुई है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे की कुल 303 जोड़ी यात्री रेलसेवाओं में से 248 जोड़ी रेलसेवाएं इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से संचालित की जा रही हैं। यह कुल यात्री रेलसेवाओं का 81.85 प्रतिशत है। माल परिवहन में भी विद्युत कर्षण का उपयोग बढ़ा है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे में कुल माल परिवहन का 68.1 प्रतिशत इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के माध्यम से किया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने, विद्युत कर्षण के अधिकाधिक उपयोग और विद्युत लोकोमोटिव के नियमित अनुरक्षण के जरिए ऊर्जा संरक्षण तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ रेल संचालन को बढ़ावा देना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर हरित ऊर्जा को बढ़ावा, 68.1 प्रतिशत माल परिवहन इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर
ram


