जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया हैंडल्स पर आज वीडियो सीरीज़ “बजट फाइल्स” का दूसरा एपिसोड जारी किया गया। इसमें भाजपा सरकार की बजट घोषणा “खेलो राजस्थान यूथ गेम्स” की हकीकत सरकार के अपने बजट दस्तावेज़ों और सार्वजनिक खबरों के आधार पर रखी गई है। एपिसोड जारी होने के साथ गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस घोषणा को दो बजट में दोहराया, पर खिलाड़ियों को मैदान अब तक नहीं मिला।
जानिए, बजट में क्या कहा गया थाः
▪️ जुलाई 2024, बजट भाषण पैरा 66: “खेलो इंडिया यूथ गेम्स” की तर्ज पर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष “खेलो राजस्थान यूथ गेम्स” के आयोजन की घोषणा, पारंपरिक खेलों को शामिल करते हुए। हर साल 50 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही गई।
▪️ फरवरी 2026, बजट भाषण पैरा 79: यही घोषणा फिर दोहराई गई, इस बार ग्राम पंचायत स्तर को भी जोड़कर, और फिर 50 करोड़ रुपये का प्रावधान। ▪️ दो बजट में कुल 100 करोड़ रुपये की घोषणा।
बजट घोषणा के बाद हकीकतः
▪️ आयोजन अब तक नहीं हुआ, जबकि खिलाड़ी दो साल से इंतज़ार कर रहे हैं।
▪️ इसके उलट, कांग्रेस सरकार के दौरान राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक में 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था।
गहलोत ने कहा “भाजपा सरकार घोषणा करने में कभी देर नहीं करती, पर खेल कराने में दो साल चार महीने लगा दिए। हमारी सरकार के दौरान राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक में 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। प्रदेश के खिलाड़ी मैदान में उतरने को तैयार थे, सरकार कागज़ों में उलझी रही। एक ही घोषणा दो-दो बार करके बजट की शोभा बढ़ाई गई, पर मैदान सूना रहा। खिलाड़ियों के साथ यह मज़ाक नहीं तो और क्या है? घोषणा बजट में हुई, खेल का मैदान तैयार नहीं हुआ। यही भाजपा सरकार की सच्चाई है।”
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से तीन सवालः
जुलाई 2024 में घोषित 50 करोड़ रुपये में से अब तक कितना खर्च हुआ, और किस पर?
हर साल आयोजन की घोषणा के बाद भी पहले साल का आयोजन अब तक क्यों नहीं हो सका?
जो खिलाड़ी दो साल चार महीने इंतज़ार करते रहे, उनके इस नुकसान का जवाब कौन देगा?



