जयपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान अक्सर उसके किलों, वस्त्रों, लोक संगीत और शिल्प से जानी जाती है किंतु इस समृद्ध विरासत के पीछे वे महिलाएँ भी हैं, जिनका जीवन, कौशल और कहानियाँ राज्य की पहचान का अभिन्न अंग हैं। इन्हीं कहानियों को सामने लाती है पुस्तक ‘राज कृति – द स्पिरिट ऑफ़ राजीविका वीमेन इन कलर’, जिसकी लेखिका नेहा गिरि में केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय निदेशक हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा विमोचित ‘राज कृति’ राज्य की पाँच विशिष्ट चित्रकला परंपराओं — राजस्थानी लघु चित्रकला, पिछवाई, बनी-ठनी, मांडना और कावड़ — को राजीविका के स्वयं सहायता समूहों की उन महिला कलाकारों के माध्यम से प्रस्तुत करती है, जिन्होंने अपनी पारंपरिक कला को पहचान, सम्मान और आजीविका का साधन बनाया है। पुस्तक पर आधारित चर्चा ‘ए कन्वर्सेशन बियॉन्ड द पेजेज़’ का आयोजन रविवार को बीकानेर हाउस, नई दिल्ली में मुख्य अतिथि, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया था। कार्यक्रम में स्मृति सरन, सदस्य, डाक सेवा बोर्ड, सम्मानित अतिथि तथा श्री रोहित कुमार, प्रमुख आवासीय आयुक्त, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कला, संगीत और कलाकारों द्वारा स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। एक भावपूर्ण क्षण में, पुस्तक में शामिल महिला कलाकारों ने हाथ से बने क्रोशिया के गुलदस्तों और पारंपरिक स्टोल से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद जोधपुर के लंगा कलाकार मोहम्मद रफ़ीक खान एवं समूह की राजस्थानी लोक प्रस्तुति ने मरुधरा की संगीत विरासत से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
“यह किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं”
पुस्तक प्रस्तुत करते हुए नेहा गिरि ने इसके पीछे की यात्रा साझा की, और इस दौरान ‘राज कृति’ के चित्र बॉलरूम की दीवारों और छत पर प्रदर्शित किए गए। ग्रामीण आजीविका पहलों, विशेषकर राजीविका की राज्य मिशन निदेशक के रूप में अपने अनुभवों को याद करते हुए, उन्होंने इस कार्य में योगदान देने वाले सभी— विकास अधिकारी, सामुदायिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएँ, मास्टर ट्रेनर, राजीविका के अधिकारी, ग्रामीण विकास विभाग तथा बैंक ऑफ़ बड़ौदा आरसेटीसभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुस्तक की कहानियाँ किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं बल्कि वर्षों की सामूहिक प्रतिबद्धता और जमीनी भागीदारी का परिणाम हैं।
कलाकारों की आवाज़
कार्यक्रम के सबसे यादगार क्षण स्वयं महिला कलाकारों की ओर से आए। प्रतापगढ़ के अरनोद की मांडना कलाकार राधा रैदास ने बताया कि उन्होंने अपनी माँ और दादी को आँगन और दीवारें सजाते देखकर यह कला सीखी। आज वे कैनवास पर चित्र बनाती हैं, प्रदर्शनियों में भाग ले चुकी हैं और कई मंचों पर अपनी कला प्रस्तुत कर चुकी हैं। उन्होंने घूँघट के पीछे के जीवन से दिल्ली के मंच पर अपनी कहानी सुनाने तक की अपनी यात्रा साझा की। जयपुर की इमला देवी, जो पाँच पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक सजावटी शिल्प परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं, ने अपने उद्यम ‘इमला हैंडीक्राफ़्ट्स’ के बारे में बताया, जो चित्रित कटोरे, ट्रे, जार और अन्य उत्पाद बनाता है। राजीविका के माध्यम से उन्होंने अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी आजीविका के अवसर सृजित किए हैं। जयपुर की लविना जांगिड़ ने बताया कि राजीविका से मिले प्रशिक्षण और सहयोग ने किस प्रकार बचपन के कला-प्रेम को आर्थिक आत्मनिर्भरता में बदल दिया। वे मंडला आर्ट, डॉट पेंटिंग, पिछवाई से प्रेरित कृतियों और पारंपरिक राजस्थानी मोटिफ़ पर कार्य करती हैं। कलाकार संतोष सुथार (कावड़, चित्तौड़गढ़), पद्मा मेघवाल (पिछवाई, उदयपुर) और पूजा साहू (बनी-ठनी, किशनगढ़) का भी अभिनंदन किया गया।
आँगन से राजधानी तक: पैनल चर्चा
डॉ. अंजलि राजोरिया, संयुक्त सचिव, गृह विभाग के वीडियो संदेश में प्रतापगढ़ के मांडना पुनरुद्धार के सैकड़ों घरों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुँचने की यात्रा को रेखांकित किया गया। डॉ. राजोरिया प्रतापगढ़ की जिला कलेक्टर रहने के दौरान इस कला के सम्पर्क में आई। इसके बाद ‘आँगन से राजधानी तक’ विषय पर पैनल चर्चा हुई, जिसका संचालन युवरागी सिंह राठौड़, स्टोरीटेलर, द वाइज़ स्टोरीज़ ऑफ़ राजस्थान ने किया। पैनल में डॉ. उज्ज्वला एम. तिवारी, निदेशक, स्कूल ऑफ़ फ़ाइन आर्ट्स, जयपुर, नीरू मीणा, आरआरडीएस, राज्य परियोजना प्रबंधक (प्रशासन), ग्रामीण विकास विभाग तथा नेहा गिरि शामिल रहीं। चर्चा में पारंपरिक कला को जीवंत विरासत के रूप में देखा गया , कैसे वह अपनी पहचान बनाए रखते हुए बदलते समय के साथ आगे बढ़ सकती है। कौशल विकास, संस्थानों, प्रदर्शनियों और बाज़ार तक पहुँच की भूमिका पर भी विचार हुआ।
डाकघरों सहित बाज़ार का विस्तार
रोहित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में इन महिलाओं की यात्रा को प्रस्तुत करने से राजस्थान की कम ज्ञात कला परंपराएँ व्यापक दर्शकों तक पहुँचेंगी, और इस पहचान को खरीदारों व सांस्कृतिक संस्थानों से स्थायी जुड़ाव में बदलने पर बल दिया। स्मृति सरन ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को कलाकार और उद्यमी के रूप में पहचानना उनके कौशल का उचित आर्थिक प्रतिफल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने डाक नेटवर्क सहित संस्थागत मंचों के माध्यम से बाज़ार तक पहुँच बढ़ाने पर ज़ोर दिया, और कलाकारों के हस्तनिर्मित उत्पादों को डाकघरों के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। मुख्य अतिथि वी. श्रीनिवास ने महिलाओं की कहानियों और योगदान को व्यापक सार्वजनिक विमर्श में लाने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “राजस्थान सरकार राजीविका की महिला कलाकारों को व्यापक बाज़ार तक पहुँचाने में निरंतर सहयोग करती रहेगी।” कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रबंधन अभिमन्यु सिंह तोमर ने किया। संचालन एंजेलिन डी. चौहान ने किया। कार्यक्रम का समापन लेखिका के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके बाद पुस्तक हस्ताक्षर सत्र, राजीविका कलाकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। पुस्तक के बारे में ‘राजकृति’ राजस्थान की महिलाओं के माध्यम से उकेरा गया राजस्थान का चित्र है। यह उनकी रचनात्मकता, धैर्य और उद्यमशीलता का प्रतीक है। यह उस जीवंत विरासत का उत्सव है जिसे महिलाओं के हाथ और कल्पना निरंतर रच रहे हैं, और यह दर्शाता है कि सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक सशक्तीकरण साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं। “जब कला का सम्मान होता है, तो कलाकार फलते-फूलते हैं, और उनके साथ पूरे समुदाय सशक्त होते हैं।” — नेहा गिरि



