जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रोजाना फील्ड में उतरकर करें मॉनिटरिंग – शासन सचिव

ram

जयपुर। स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन ने जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को जयपुर के समस्त जोन उपायुक्तों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने शहर में विभिन्न स्थानों पर बने कचरा पॉइंट्स एवं सफाई व्यवस्था में सामने आ रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री जैन ने सभी जोन उपायुक्तों एवं मुख्य सफाई निरीक्षकों को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से फील्ड में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लें और प्रतिदिन की निरीक्षण रिपोर्ट एवं कार्यवाही का विवरण मुख्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की पालना में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासन सचिव ने कहा कि शहर की स्वच्छता का दायरा केवल मुख्य सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों तक सीमित नहीं होना चाहिए। आवासीय कॉलोनियों, आंतरिक मार्गों, सब्जी मंडियों, बाजारों एवं अन्य व्यस्त क्षेत्रों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही चिन्हित कचरा पॉइंट्स को समाप्त करने तथा दोबारा कचरा एकत्रित नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं रखने पर भी सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अधिकाधिक चालान जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह अपनी दुकान के आसपास स्वच्छता बनाए रखे तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डाले। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी पूरी गंभीरता एवं नियमितता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवासीय क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा कचरा संग्रहण वाहनों की नियमित आवाजाही एवं निर्धारित रूट के अनुसार संचालन की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। किसी भी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। श्री जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार केवल कागजी कार्रवाई से नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से ही संभव है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा तथा चेताया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही अथवा निरीक्षण एवं रिपोर्टिंग में ढिलाई बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा, अतिरिक निदेशक डीएलबी डॉ अशोक कुमार, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम श्री नरेन्द्र कुमार बंसल, मुख्य अभियंता श्री प्रदीप गर्ग सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *