राजस्थान संपर्क 181 पर परिवादियों से सीधे जुड़े मुख्य सचिव, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को राजस्थान संपर्क 181 केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वीडियो कॉल पर पाँच परिवादियों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। सीकर जिले के एक विद्यालय में छात्राओं के साथ अनुचित स्पर्श की शिकायत पर मुख्य सचिव ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों तथा अभिभावकों को भी इससे जोड़ा जाए। जयपुर जिले के शंकर लाल यादव ने कालाडेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपने नवजात की देखभाल से जुड़ी समस्या बताई। मुख्य सचिव ने वीडियो कॉल पर ही संबंधित चिकित्सा अधिकारी को नवजात की समुचित देखभाल और केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा। दौसा के एक परिवादी ने जन आधार में आय प्रमाणपत्र का विवरण अद्यतन करने में देरी की शिकायत की। मुख्य सचिव ने मौके पर उपस्थित आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निदेशक को प्रकरण की जांच करने और जन आधार से जुड़ी सभी शिकायतों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोई गैस कनेक्शन के स्थानांतरण में देरी और एक छात्रा को अर्द्धवार्षिक परीक्षा में शामिल होने से रोके जाने की शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और शिकायतों के निस्तारण में आई तेजी तथा परिवादियों की बढ़ी संतुष्टि पर प्रसन्नता व्यक्त की। 13 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले निरीक्षण के बाद शहरी और ग्रामीण सुविधाओं की सभी 27 श्रेणियों में औसत निस्तारण समय घटा और 23 श्रेणियों में परिवादियों की संतुष्टि बढ़ी। नगरीय निकायों में निस्तारण का औसत समय 18 से घटकर 12 दिन और ग्रामीण पेयजल सेवाओं में 16 से घटकर 12 दिन रहा। इन सेवाओं में परिवादियों की संतुष्टि दर क्रमशः 9.37 और 4.82 प्रतिशत अंक बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *