श्रीगंगानगर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। राहत की बात यह रही कि घटना से लगभग 45 मिनट पहले ही इसी रेलमार्ग से एक पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। यदि ट्रेन विस्फोट के समय वहां से गुजरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
धमाका इतना तेज था कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। पटरियों को जोड़ने वाले लॉक को भी नुकसान पहुंचा और ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद रेलमार्ग की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रामसिंहपुर थाना प्रभारी राम प्रताप के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे 50 जीबी गांव के पास से गुजरी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ।
विस्फोट की आवाज सुनकर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी में रहने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ खुफिया ब्यूरो (आईबी), अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की टीमें भी जांच में जुट गईं। जांच एजेंसियां विस्फोट की प्रकृति, इस्तेमाल की गई सामग्री और घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, घटना के पीछे किसी की साजिश होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर रेल यातायात रोक दिया गया। बुधवार को इस मार्ग पर चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द की गई हैं। इनमें गाड़ी संख्या 59711, 59712, 59715 और 59716 शामिल हैं। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा जांच और आवश्यक कार्रवाई के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही हैं। विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



