राजस्थान में सुबह-शाम बढ़ने लगा सर्दी का असर, श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में छाया हल्का कोहरा

ram

जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की सर्दी का असर बढ़ रहा है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार सुबह श्रीगंगानगर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। इससे कुछ स्थानों पर दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु का राजस्थान के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। सोमवार को बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, सीकर, अलवर और जयपुर सहित कई शहरों के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, रात के तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है।

सोमवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण मौसम में दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन में धूप से गर्माहट बनी हुई है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। दिन में तेज धूप के कारण कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से हल्की सर्दी का दौर बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *