पंजाब : आप छोड़ने वाले तीनों विधायक भाजपा में शामिल

ram

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को जोरदार झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायकों ने सोमवार को पंजाब भाजपा चीफ और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। ‘आप’ के बागी विधायकों ने दावा किया पंजाब को अब भाजपा की सख्त जरूरत है और भाजपा सरकार ही प्रदेश से नशे का अंत कर सकती है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि दिल्ली में ‘आम आदमी पार्टी’ के तीन विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौरमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह भाजपा में शामिल हो गए। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करने के लिए तीनों साथियों का स्वागत करता हूं। अब समय है एक साथ आकर पंजाब के हर घर तक विकास और शांति पहुंचाई जाए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज हम बहुत खुश हैं। हमारे साथ जुड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोगों को भाजपा पर पूरा भरोसा है। लोग जानते हैं कि पंजाब में विकास और तरक्की तभी संभव है, जब राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार हो। आज ‘आप’ के तीन विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं, जिनमें सरकार के एक कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। आने वाले दिनों में कई और नेता भाजपा में शामिल होंगे।
भाजपा पंजाब के सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इससे पता चलता है कि पंजाब किस दिशा में जा रहा है। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले पांच वर्षों में, पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली और गैंगस्टरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हर दिन हत्या और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन विधायकों ने बार-बार अपनी आवाज उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें चुप करा दिया गया। ऐसे कई और विधायक भी हैं, जो अपनी ही सरकार से नाखुश हैं।
भाजपा में शामिल हुए हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा कि मैं अपने आप को खुशनसीब मानता हूं कि मैं भाजपा परिवार में शामिल हुआ। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा दिलाया है कि हमारे जो मसले हैं, वे सुलझाए जाएंगे, पूरे किए जाएंगे। पंजाब में इंडस्ट्री लगाई जाएगी।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नशे के खिलाफ दी गई डेडलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि वह जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। नशा खत्म करने को लेकर जो डेडलाइन दी है, हमें भरोसा है कि वह अपने वादे को पूरा करेंगे। आज पंजाब को भाजपा की जरूरत है। पंजाब को कर्जे, नशे और गैंगस्टरों की मार से भाजपा की सरकार ही निकाल सकती है। उन्होंने यूपी का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से भाजपा की डबल इंजन सरकार ने क्राइम कंट्रोल किया, पंजाब में भी जनता यही अपेक्षा कर रही है।
भाजपा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी के बागी नेता विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आज किसी को नहीं पता कि पंजाब का मुख्यमंत्री कौन है, भगवंत मान या अरविंद केजरीवाल। पंजाब की जनता को यह पता होना चाहिए कि स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी करने वाला व्यक्ति अभी कहां रह रहा है और किस दफ्तर में काम कर रहा है। उसे मुख्यमंत्री कार्यालय में छिपाकर रखा गया है। वह तीन दिन बिताने के बाद अमृतसर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रुकता है। जिस व्यक्ति को सुप्रीम कोर्ट ने अपराधी बताया है, वह आज पंजाब चला रहा है। संविधान अगर कहीं खतरे में है तो वह पंजाब में है, इसीलिए हमें पंजाब को हर हाल में बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *