जयपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस, पदयात्राएं, विधानसभा स्तर पर बौद्धिक संवाद, महाविद्यालय और विश्वविद्यालयों में युवा कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया गतिविधियां आयोजित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची की शुचिता और पात्र नागरिकों के मताधिकार के मुद्दे पर जनसमर्थन जुटाना, एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देना और चुनाव आयोग सहित लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत करने का संदेश देना है। बगडी ने कहा कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैलाने और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के जिला मुख्यालयों में पदयात्राएं आयोजित की जाएगी। पदयात्राओं में मतदाता सूची की शुद्धता, घुसपैठ और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता को सच्चाई से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 23 से 31 अक्टूबर के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें डॉक्टर, वकील, शिक्षक, प्रोफेसर, कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और अन्य पेशेवर शामिल होंगे। इन संवादों में एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन और अवैध घुसपैठ से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने बताया कि ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र—युवा संवाद’ के तहत महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में चुनावी निष्पक्षता, नागरिकता, एसआईआर, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय विकास जैसे विषयों पर संवाद होगा। अभियान में विशेषांक पत्रिकाओं, लेखों, पुस्तिकाओं और पर्चों के माध्यम से भी एसआईआर तथा मतदाता सूची की शुचिता से जुड़े पक्ष को जनता के सामने रखा जाएगा। भाजपा इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता, पात्र नागरिकों के मतदान अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान को प्रमुखता से जनता के बीच ले जाएगी।
बगडी ने बताया कि अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा को प्रदेश संयोजक तथा प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, पूर्व उप महापौर पुनित कर्नावट और प्रदेश सह कार्यालय मंत्री भवानीशंकर शर्मा को प्रदेश सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रदेश टोलियों का गठन किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस टोली में प्रमोद वशिष्ठ, लक्ष्मीकांत पारीक,योगेश सिंह सिसोदिया, लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ पदयात्रा टोली में नारायण मीना, एकता अग्रवाल, विक्रमसिंह शेखावत और नीरज जैन, राष्ट्र चिंतन संवाद टोली में ,राजेन्द्र गहलोत, गोपाल शर्मा, राखी राठौड, अटल खण्डेलवाल, लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र-युवा संवाद टोली में आईदान सिंह भाटी, शंकर गोरा, कैलाश वर्मा, नरेश औझा, छात्रों की प्रतिस्पर्धा टोली में डॉ. अपूर्वा सिंह, श्याम सिंह राजावत, होशियार मीना, घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ टोली में सुमन शर्मा, श्याम अग्रवाल, अविनाश जोशी और सौम्या गुर्जर, विशेषांक पत्रिकाएँ टोली में राजेन्द्रसिंह शेखावत, डॉ. बीरू सिंह राठौड़ और शिव शंकर शर्मा होंगे।



