प्रियंका चोपड़ा ने पति निक जोनस और बेटी मालती के साथ मनाया दशहरा, किया कन्या पूजन

ram

मुंबई। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस और उनके पति सिंग निक जोनस ने पारंपरिक पूजा के साथ दशहरा मनाया। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के साथ परिवार के जश्न की एक झलक शेयर की। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पूजन की कुछ तस्वीरें पोस्ट की, जिसमें उन्होंने कन्या पूजन किया, जो एक हिंदू अनुष्ठान है जिसमें छोटी बच्चियों को देवी दुर्गा के रूप में पूजा जाता है।नन्ही मालती सफेद रंग के पारंपरिक परिधान और ‘जय माता दी’ लिखे लाल दुपट्टे में नजर आईं। नवरात्रि पर कन्या पूजन के दौरान प्रियंका और निक अपनी नन्ही बेटी के पैर धोते हुए भी नजर आए। तस्वीरों में निक भी अपनी बेटी के साथ अनुष्ठानों में भाग लेते हुए पारिवारिक पलों को जीते नजर आए। एक तस्वीर में निक पूजा के दौरान मालती के पास बैठे नजर आ रहे हैं जबकि प्रियंका भी उनके साथ हैं। दूसरी तस्वीर में यह परिवार अपने घर के मंदिर के सामने नजर आ रहा है, जिसे फूलों और धार्मिक मूर्तियों से सजाया गया है।
इन तस्वीरों में मालती ने अपने पारंपरिक परिधान, छोटी-छोटी चूड़ियों और लाल धार्मिक दुपट्टे से सबका ध्यान खींच लिया। तस्वीरें शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “मां दुर्गा की शक्ति, हमारी प्रार्थनाओं की पवित्रता और दशहरे की भावना आज, कल और हमेशा हम सभी के साथ बनी रहे।”
प्रियंका हमेशा से ही मालती को भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिकता से जोड़ने की कोशिश करती रही हैं। इस साल अगस्त में भी अभिनेत्री ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह अपनी बेटी को दुर्गा सप्तशती का एक श्लोक सिखाती नजर आई थीं। मालती अपनी मां के पीछे-पीछे संस्कृत प्रार्थना को दोहराने की कोशिश करती नजर आईं।
बता दें कि प्रियंका और निक ने जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए मालती का स्वागत किया था। माता-पिता बनने का उनका सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि मालती का जन्म समय से पहले हुआ था और उन्हें लगभग 110 दिन तक नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रहना पड़ा था।
एक पुराने इंटरव्यू में प्रियंका ने इस भावनात्मक रूप से कठिन अनुभव के बारे में बात करते हुए बताया था कि कैसे वह और निक बारी-बारी से अस्पताल में अपनी बेटी के पास रहते थे। अभिनेत्री ने यह भी बताया था कि निक अपनी बेटी के लिए गिटार पर गाने गाते थे, जबकि वह खुद अपनी बेटी के पालने के पास धीरे-धीरे मंत्र बजाती थीं, जिनमें महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र और ओम नमः शिवाय शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *