कनाडा के वेनराइट सैन्य अड्डे में लगी भीषण आग में कई की मौत, पीएम कार्नी ने जताया दुख

ram

ओटावा। पश्चिमी कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित एक सैन्य अड्डे पर शनिवार शाम भीषण आग लगने से कई जानें चली गईं और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा ‘कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट’ (सीएफबी) में हुई। यह सैन्य अड्डा वेनराइट शहर के पास स्थित है। रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने मौतों और घायलों की पुष्टि की। घटना की जानकारी के बाद प्रधानमंत्री मार्क कार्नी दुख व्‍यक्‍त क‍िया। सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट में ल‍िखा, ”अल्बर्टा के सीएफबी वेनराइट में एक गंभीर घटना हुई, जिसके कारण बड़े पैमाने पर आग लग गई। इस घटना से प्रभावित हुए महिलाओं और पुरुषों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। हम अल्बर्टा सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार काम कर रहे हैं। प्रीमियर स्मिथ और मैं संपर्क में हैं और हमारे संबंधित मंत्री तथा अधिकारी भी आपस में लगातार बातचीत कर रहे हैं।” शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया क‍ि शनिवार शाम पश्चिमी कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण यह आग तेजी से फैली। यह घटना ‘कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट’ में हुई, जो प्रांत की राजधानी एडमोंटन से लगभग 200 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
समाचार एजेंसी ‘यूएनबी’ की र‍िपोर्ट के मुताब‍िक, रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने मौतों और घायलों की पुष्टि की। प्रीमियर स्मिथ ने घटना को गंभीर और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं और आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों तथा बचाव दलों का धन्यवाद भी किया।
हालांकि, फिलहाल न तो प्रधानमंत्री कार्नी और न ही प्रीमियर स्मिथ ने आग लगने की वजह या मृतकों और घायलों की सटीक संख्या के बारे में कोई जानकारी दी है। न्‍यूज एजेंसी यूएनबी के अनुसार, विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिवरे ने भी दुख जताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कार्नी और मैकगिन्टी से बात की है। पोइलिवरे ने लोगों से प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करने, अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और आपातकालीन वाहनों के लिए सड़कों को खाली रखने की अपील की।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ ही दिनों बाद अल्बर्टा में एक प्रांतीय मतदान होना है, जिसमें कनाडा से स्वतंत्रता की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने के प्रस्ताव पर लोगों की राय ली जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है, और अधिकारी अभी हालात का आकलन करने तथा आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *