चित्तौड़गढ़। मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत बुधवार को चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान का उद्देश्य पैकबंद वस्तुओं पर आवश्यक घोषणाओं की जांच करना तथा संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित करना है।
पैकेजिंग लाइसेंस नहीं मिलने पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान राजश्री नमकीन प्रतिष्ठान पर पैकेजिंग लाइसेंस नहीं पाए जाने पर विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा नियमानुसार ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया।
दो प्रतिष्ठानों पर घोषणाएं मानकों के अनुरूप
अभियान के तहत गौतम इलेक्ट्रिक एवं महालक्ष्मी इलेक्ट्रिक प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर पैकबंद वस्तुओं पर आवश्यक घोषणाएं विभागीय निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।
उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए अभियान जारी
विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा, पैकबंद वस्तुओं पर आवश्यक घोषणाओं की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।



