जिम्बाब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज विमेंस की 8 विकेट से दमदार जीत, टी20 सीरीज में 3-0 से ‘क्लीन स्वीप’

ram

हरारे। वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 3-0 से ‘क्लीन स्वीप’ कर लिया है। हरारे में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 142 रन बनाए। केलिस न्धलोवु ने बेलोवेड बीजा के साथ 22 गेंदों में 27 रन की पारी खेली। बीजा 16 गेंदों में 4 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद केलिस ने मोर्चा संभाला। उन्होंने चिएड्जा धुरुरू (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में इतने ही रन की साझेदारी करते हुए टीम को 79 के स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद केलिस ने क्रिस्टीन मुतासा के साथ पांचवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 40 रन जोड़े।
केलिस न्धलोवु 48 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे, जबकि मुतासा 19 गेंदों में 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से स्टेफनी टेलर और जहजारा क्लैक्सटन को 2-2 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 17 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रियालियाना ग्रिमंड और जहजारा क्लैक्सटन के बीच पहले विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी हुई। ग्रिमंड 13 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद क्लैक्सटन ने स्टेफनी टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 गेंदों में 71 रन जोड़े।
क्लैक्सटन ने 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 38 रन बनाए। यहां से टेलर ने जैनिलिया ग्लासगो के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 53 रन जोड़ते हुए आसान जीत दिलाई। टेलर 39 गेंदों में 11 चौकों के साथ 64 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि ग्लासगो ने 15 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से क्रिस्टीन मुतासा और बेलोवेड बीजा ने 1-1 विकेट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *