नई दिल्ली। धनंजय डी सिल्वा ने श्रीलंका के टेस्ट कप्तान के पद से इस्तीफा दे दिया है। स्टार ऑलराउंडर ने खुद इसकी पुष्टि की है। श्रीलंका की चयन समिति को भेजे एक पत्र में डी सिल्वा ने कहा, “मेरी राय है कि कप्तानी की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए।” धनंजय डी सिल्वा ने पुष्टि की है कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपलब्ध रहेंगे। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के सीईओ एशले डी सिल्वा ने उनके बाकी करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं। एसएलसी के सीईओ ने कहा, “श्रीलंका क्रिकेट उनके बाकी करियर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है और हमारी टेस्ट टीम को दी गई उनकी कप्तानी के लिए उनका धन्यवाद करता है।”
डी सिल्वा को जनवरी 2024 में दिमुथ करुणारत्ने की जगह टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में टीम की कप्तानी की और 7 मैचों में जीत दिलाई। कप्तान के तौर पर, डी सिल्वा ने 18 मैचों में 36.45 की औसत से 1,130 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 7 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने 9 विकेट भी लिए, जिसमें एक पारी में 2-13 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शामिल रहा।
डी सिल्वा ने फरवरी 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से अपनी कप्तानी की शुरुआत की थी। इस टेस्ट मैच को श्रीलंकाई टीम 10 विकेट से जीतने में सफल रही थी। उनकी अगुवाई में श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ उन्हीं की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया।
इस ऑलराउंडर ने श्रीलंका को ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दिलाने में मदद की, जो 2014 के बाद इंग्लैंड की धरती पर टीम की पहली टेस्ट जीत रही। हालांकि, श्रीलंकाई टीम सीरीज जरूर 1-2 से हार गई थी। उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड को भी 2-0 से हराया।
हालांकि, 2024 के अंत और 2025 की शुरुआत में श्रीलंका को साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के दौरों पर लगातार चार टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम वेस्टइंडीज में भी टेस्ट सीरीज 0-1 से हार गई और हाल ही में अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ भी सीरीज गंवा बैठी।
कप्तान के रूप में उनकी आखिरी टेस्ट सीरीज भारत के खिलाफ थी, जिसमें श्रीलंका को 0-1 से हार मिली। हालांकि, कोलंबो टेस्ट में सोनल दिनुशा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम सीरीज में क्लीन स्वीप होने से जरूर बच गई थी और तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था।

धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी श्रीलंकाई टीम की टेस्ट कप्तानी
ram


