नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद 2026 का हुआ आयोजन

ram

झालावाड़। राज्य सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियानकृजन सेवा ही प्रभु सेवा के तहत शनिवार को जयपुर के यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में “नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद-2026” का आयोजन किया गया। इसी क्रम में झालावाड़ जिला मुख्यालय पर मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में जिले के अधिकारियों, कार्मिकों, राजीविका की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन सुना।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में “युवाओं का विश्वास-महिलाओं का उत्थान”, “सशक्त नारी-सशक्त समाज-सशक्त राजस्थान” तथा “समर्थ महिला-समृद्ध राजस्थान” की थीम के तहत युवाओं एवं महिलाओं के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रोजगार एवं भर्ती, स्टार्टअप एवं नवाचार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, महिला स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा बालिका कल्याण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में 1.93 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां, 1.18 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया, तथा 70,031 नए पदों पर भर्ती की तैयारी सहित निजी क्षेत्र में भी 5 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी प्रयासों को रेखांकित किया गया। साथ ही स्टार्टअप एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने के लिए स्टार्टअप निवेश में वृद्धि तथा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लखपति दीदी, सोलर दीदी, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, महिलाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को वित्तीय सहायता, महिला सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर एवं कालिका इकाइयों के संचालन तथा मुख्यमंत्री एकल नारी पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की जानकारी भी दी गई।

बालिका कल्याण के क्षेत्र में लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को आर्थिक सहायता, छात्राओं को स्कूटी एवं साइकिल वितरण सहित बालिकाओं की शिक्षा एवं प्रोत्साहन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं को कार्यक्रम में प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा युवाओं तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर दिए गए संबोधन को सुना। वहीं मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं पात्र महिला लाभार्थियों से संवाद किया। साथ ही कार्यक्रम के माध्यम से जिले की महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं बालिका कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, राजीविका की डीपीएम नीतापारीक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *