राष्‍ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन-मूल्य आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत – श्री देवनानी

ram

जयपुर। राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वावलम्बन और नैतिकता के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सत्य और अहिंसा को केवल व्यक्तिगत आचरण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इन्हें जनआंदोलन का आधार बनाकर देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। गांधीजी के विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि श्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत करता है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में पद की गरिमा के साथ उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका आह्वान देश की सुरक्षा और अन्नदाता के सम्मान के प्रति उनकी दूरदृष्टि को प्रतिबिंबित करता है। श्री देवनानी ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन भारतीय जीवन-मूल्यों की दो महत्वपूर्ण धाराओं सत्य और अहिंसा की शक्ति तथा कर्तव्य और राष्ट्रसेवा की भावना का स्मरण कराने वाला अवसर है। इन महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्री देवनानी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *