जमवारामगढ़। आंधी कस्बे वासियों द्वारा कस्बे में लंबे समय से चली आ रही बस स्टैंड निर्माण की मांग अब पूरी होने की ओर है। शनिवार को कस्बे पुराने थाना मोड़ के समीप जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह एवं जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा ने चामुण्डा बस स्टैंड का शाहपुरा आगार की एक बस को हरि झंडी देकर एवं पट्टिका अनावरित कर भव्य एवं ऐतिहासिक शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह मुख्य आतिथ्य में हुए शिलान्यास समारोह में विधायक महेंद्रपाल मीना विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आंधी प्रशासक कलावती देवी शर्मा एवं राकेश बंदावला ने की। शिलान्यास समारोह में लोगों का हुजूम उमड़ा।
समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर शुरू सेवा संकल्प यात्रा के आंधी पहुंचने पर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। गुजरात के बड़नगर से शुरू हुई यह सेवा संकल्प यात्रा वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने का संकल्प लेकर निकली है। यात्रा के आंधी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने करीब 50 मोटरसाइकिलों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश बंदावला ने बताया कि बस स्टैंड के लिए सांसद कोष से 10 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने सांसद एवं विधायक से आंधी बस स्टैंड को मांडल बस स्टैंड के रूप में विकसित करने तथा शाहपुरा से दौसा के बीच संचालित होने वाली बसों का आंधी कस्बे तक संचालन करवाने की मांग रखी। विधायक महेंद्रपाल मीना ने कहा कि आंधी कस्बेवासियों की लंबे समय से भव्य बस स्टैंड बनाने की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि आंधी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से जिन विकास कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, उन्हें पूरा करवाने का प्रयास किया गया है। जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और विकास के संकल्प के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा रही है। गुजरात के सांसद हरिभाई पटेल ने सेवा संकल्प यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यात्रा ‘सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ बड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही है।
भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि 2028 से पहले रामगढ़ बांध में पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों को लेकर तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगरपालिका जमवारामगढ़ के चेयरमैन राकेश वर्मा, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लालाराम फौजी, भाजपा विधानसभा संयोजक जगदीश नारायण नोनपुरा, जमवारामगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल खटाणा, आंधी भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम शर्मा, जमवारामगढ़ के पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह चौधरी सहित गुजरात के सांसद हरिभाई पटेल एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आंधी में चामुंडा बस स्टैंड का भव्य शिलान्यास, मांडल बस स्टैंड बनाने की उठी मांग
ram


