पटना। बिहार में महिलाओं के प्रति बढ़ती आपराधिक घटनाओं से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बेहद नाराज नजर आ रहे हैं। एक इंटरव्यू में चिराग पासवान ने यहां तक कह दिया है कि उन्हें इस सरकार का हिस्सा होने में शर्मिंदगी महसूस हो रही है। जब चिराग पासवान से पूछा गया कि क्या वो कोई कड़ा फैसला लेंगे? तब इसपर भी चिराग पासवान ने अपनी बात रखी है। इस इंटरव्यू में चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध पर कहा कहा, ‘आज की तारीख में कोई सुरक्षित नहीं महसूस कर पा रहा है। ये हमारी सरकार की चिंता है। सरकार में एक सहयोगी या हिस्सा होने की वजह से मैं खुद इस सवाल से नहीं भाग सकता हूं। मुझे खुद शर्मिंदगी महसूस होती है कि मैं ऐसी सरकार के साथ हूं जहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इसको हमलोग कतई हल्के में नहीं ले सकते हैं।’ इसके बाद उनसे पूछा गया कि चिराग पासवान कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं क्या? इस सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा, ‘मैं आक्रोशित हूं, स्वभाविक है। राष्ट्रीय स्तर पर मेरे बिहार की छवि कैसी जा रही है। हमारी बेटियों के मन में डर और असुरक्षा का भाव उत्पन्न हो गया होगा। कोई बच्ची मुझे बता दीजिए जो शाम को घर से निकले से पहले नहीं सोचती होगी। मैं जिस सरकार का हिस्सा हूं, मेरी वो सरकार अगर सुरक्षा की भावना ना दे, ये तो मैं स्वीकार नहीं करूंगा।’ बता दें कि कुछ दिनों पहले जमुई जिले का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में कुछ हवसी एक नाबालिग लड़का और लड़की से बदसलूकी करते नजर आए थे। इतना ही नहीं सड़क पर लड़की के साथ यह हवसी बेहद ही शर्मनाक हरकत करते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने इस कांड में शामिल आरोपियों को पकड़ा था। लेकिन इसके बाद समस्तीपुर, बांका समेत कुछ अन्य जिलों से भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं जिसने महिला अपराध के दावों को पोल खोल दी थी। इसके बाद विपक्षी पार्टियों ने एक सुर में सम्राट सरकार को घेरा था और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल किए थे। अब चिराग पासवान भी इन घटनाओं से नाराज नजर आ रहे हैं।

कोई सुरक्षित नहीं, सरकार का हिस्सा बनकर शर्म आती है; एक के बाद एक घटना से भड़के चिराग पासवान
ram


