बूंदी। “नशा मुक्त भारत अभियान” के 06 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम की तैयारियों, राज्यव्यापी जनसहभागिता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के जिला व ब्लॉक स्तर पर सफल संपादन, अंतर्विभागीय समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक को सहायक नोडल अधिकारी तथा समस्त संबंधित विकास अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार जिला स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी, राज्य स्तर पर नामित नोडल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, युवा संगठनों, नशा मुक्ति मित्रों, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को इस अभियान से जोड़ते हुए, निर्धारित राष्ट्रीय कार्यकम दिवस पर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से जिले की कुल जनसंख्या के कम-से-कम 10 प्रतिशत नागरिकों की शपथ ग्रहण सहभागिता सुनिश्चित करेंगे तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446, प्रतीक चिन्ह व शुभंकर का उपयोग कर व्यापक प्रचार-प्रसार (नुक्कड़ नाटक, रैली, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम) आयोजित करवाकर, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ब्लॉक स्तर तक वर्चुअल कनेक्टिविटी स्थापित करते हुए, समस्त आयोजित गतिविधियों का वास्तविक विवरण एवं डेटा एनएमबीए पोर्टल/ऐप पर रियल टाइम (वास्तविक समय) में दर्ज कराने सहित मुख्य सचिव महोदय द्वारा प्रदत्त दिशा-निर्देशों एवं दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।


