जयपुर से BJP ने सुनील कोठारी को बनाया मेयर का चेहरा

ram

जयपुर। जयपुर से BJP ने सुनील कोठारी को बनाया मेयर का चेहराजयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर बीजेपी ने आखिरकार अपने पत्ते खोल दिए हैं। सीएमआर में हुई बैठक और रायशुमारी के बाद पार्टी ने वार्ड 112 से पार्षद सुनील कोठारी को मेयर पद का दावेदार बनाया है। कोठारी के नाम पर मुहर लगने के बाद उन्हें पार्षदों की बाड़ाबंदी से जयपुर बुलाया गया। अब मेयर चुनाव में बीजेपी की ओर से सुनील कोठारी नामांकन दाखिल करेंगे।

शुक्रवार को ही शुरू हो गया था नाम तय करने का खेल
मेयर प्रत्याशी के नाम को लेकर बीजेपी ने शुक्रवार को अपने पार्षदों से रायशुमारी की थी। पार्टी ने सभी पार्षदों से उनकी पसंद और वरीयता के आधार पर तीन-तीन नाम लिखवाए थे। इसके बाद पार्टी स्तर पर इन नामों को लेकर मंथन किया गया। रायशुमारी के बाद बीजेपी ने अपने पार्षदों को जयपुर से बाहर पुष्कर स्थित द सूर्या गोल्डन पैलेस होटल में शिफ्ट कर दिया था। पार्षदों की बाड़ाबंदी के बीच मेयर प्रत्याशी के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हर किसी की नजर इस बात पर थी कि पार्टी आखिर किस नाम पर भरोसा जताती है।

विधायकों की राय से लेकर पार्षदों की पसंद तक मंथन
सुनील कोठारी के नाम पर मुहर लगाने से पहले पार्टी ने कई स्तरों पर राय ली। विधायकों की राय, बीजेपी पार्षदों से हुई रायशुमारी, वरिष्ठता और वित्तीय स्थिति समेत अलग-अलग पहलुओं का आकलन किया गया। इन तमाम समीकरणों के बीच सुनील कोठारी पार्टी की पहली पसंद के तौर पर सामने आए। नाम फाइनल होने के बाद उन्हें बाड़ाबंदी से जयपुर बुलाया गया। इसके साथ ही मेयर चुनाव को लेकर बीजेपी की रणनीति भी साफ हो गई।

वैश्य समाज से चेहरे की चर्चा के बीच कोठारी का नाम
जयपुर में मेयर पद के लिए बीजेपी के भीतर वैश्य समाज से चेहरा उतारने की चर्चा सबसे ज्यादा थी। पार्टी के अंदर कई नामों पर मंथन चल रहा था। इनमें निर्वतमान डिप्टी मेयर पुनीत कर्नावट और सुभाष सिंघी के नाम भी चर्चा में रहे। हालांकि अंतिम दौर में सुनील कोठारी के नाम पर सहमति बनी। कोठारी वर्तमान में वार्ड 112 से बीजेपी के पार्षद हैं। पार्टी संगठन में भी उनकी भूमिका रही है। ऐसे में वरिष्ठता, संगठनात्मक अनुभव और अन्य समीकरणों को देखते हुए उन्हें मेयर पद के लिए आगे किया गया है।

कांग्रेस ने भी दो नाम तैयार रखे
बीजेपी की ओर से सुनील कोठारी का नाम तय होने के बाद अब मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस ने भी अपने स्तर पर मेयर चुनाव के लिए तैयारी कर ली है। कांग्रेस की ओर से वार्ड 118 से पार्षद सुनीता मावर और वार्ड 84 से पार्षद भरत मेघवाल को नामांकन भरने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में कांग्रेस किस एक नाम को अंतिम रूप से मैदान में उतारती है, इस पर भी नजर बनी हुई है।

बाड़ाबंदी से नामांकन तक तेज हुई सियासी हलचल
जयपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए बीजेपी के पास बहुमत का आंकड़ा हासिल करने की स्थिति है। ऐसे में पार्टी के भीतर मेयर के चेहरे को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार मंथन चल रहा था। पार्षदों की बाड़ाबंदी, रायशुमारी और सीएमआर में बैठक के बाद अब तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *