भरतपुर। भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के सभी नतीजे सामने आ गए हैं। इनमें निर्दलीयों ने 36 वार्डों में जीत दर्ज की है। भाजपा 20 सीटों के साथ दूसरे और कांग्रेस 7 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही। वहीं बसपा और RLP को एक-एक सीट मिली है। यानी कुल 65 सीटों में 55.4% सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं, जबकि भाजपा-कांग्रेस मिलकर 27 सीटों तक पहुंचीं। निर्दलीयों की जीत भाजपा से 16 सीट ज्यादा रही। निगम में बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीयों की निर्णायक भूमिका रहेगी।
रूपवास नगरपालिका के 25 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में जीत दर्ज की। भाजपा को 9 और कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं। कांग्रेस ने 9 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे, जबकि भाजपा ने 19 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे।
निर्दलीय 36 सीटों के साथ सबसे आगे, भाजपा 20 पर
चुनाव परिणामों में निर्दलीयों का दबदबा साफ नजर आया। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों को मिलाकर मिली 27 सीटों से 9 ज्यादा सीटें जीतीं। भाजपा को 20 और कांग्रेस को 7 सीटें मिलीं। बसपा और RLP ने एक-एक वार्ड में जीत दर्ज की। इससे बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
भरतपुर नगर निगम के 65 वार्ड और रूपवास नगर पालिका के 25 वार्डों की काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई। भरतपुर नगर निगम और रूपवास नगर पालिका में 9 सितंबर को मतदान हुआ था। भरतपुर नगर निगम में 73.13% मतदान दर्ज किया गया था।
निकाय चुनाव के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने भरतपुर में रोड शो किया था। इसमें भाजपा के 57 प्रत्याशी भी शामिल हुए थे। चुनाव परिणामों के बीच कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में रखा गया था। नतीजे आने के साथ बाड़ेबंदी में मौजूद प्रत्याशियों के समीकरण भी लगातार बदलते रहे।



